
IPL Trophy
नई दिल्ली : कोरोना वायरस (Coronavirus) महामारी के कारण पूरे भारत में लॉकडाउन है। यह फिलहाल 14 अप्रैल तक चलेगा। इस बीच कोविड-19 (Covid-19) महामारी के कारण भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 13वां सीजन फिलहाल 15 अप्रैल तक टाल रखा है। इसके बावजूद बीसीसीआई ने इसके आयोजन को लेकर अपनी उम्मीद नहीं छोड़ी है। वह लगातार विदेशी क्रिकेट बोर्डों और आईपीएल की फ्रेंचाइजी टीमों के संपर्क में बना हुआ है।
सरकार के निर्देशों की जानकारी दी जा रही है विदेशी बोर्डों को
एक बीसीसीआई अधिकारी ने बताया कि बोर्ड आईपीएल के आयोजन को लेकर विदेशी बोर्डों के संपर्क में है और क्रिकेट आस्ट्रेलिया, इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड, क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका जैसे अन्य सभी विदेशी बोर्डों को भी देश की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति और सरकार के निर्देशों की जानकारी दे रहा है।
इन विकल्पों पर हो रही है चर्चा
आईपीएल के आयोजन पर बोर्ड केक अधिकारी ने कहा कि इस दौरान विभिन्न विकल्पों पर चर्चा की गई है। इसमें यह बंद दरवाजों के बीच टूर्नामेंट कराने का विकल्प भी शामिल है। लेकिन इस बात पर सब एकमत हैं कि आईपीएल में विदेशी खिलाड़ी जरूर हिस्सा लें, क्योंकि वे टूर्नामेंट के प्रमुख आकर्षणों में से एक है। यही कारण है कि हम यहां की स्थिति और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किए गए दिशा-निर्देशों के साथ-साथ कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में सरकार के आदेशों से भी लगभग सभी विदेशी क्रिकेट बोर्डों कोक अवगत करा रहे हैं।
अक्टूबर-नवंबर में भी है कराने का विकल्प
बीसीसीआई आईपीएल को अक्टूबर-नवंबर के विंडो में भी कराने के बारे में सोच रहा है। लेकिन यह तभी संभव है, जब आईसीसी इस साल के इन्हीं महीनों में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप को स्थगित कर दे। अधिकारी ने कहा कि वास्तव में यह दो-तरफा प्रक्रिया है, क्योंकि इस समय अंतरराष्ट्रीय सीमाएं बंद है। आईपीएल के आयोजन में यह भी एक बड़ा पहलू है, क्योंकि जब भी आईपीएल होगा तो विदेशी खिलाड़ियों को भारत लाने के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमा खुलने तक का इंतजार करना होगा।
Updated on:
4 Apr 2020, 7:03 PM IST
Published on:
4 Apr 2020, 6:48 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.