
भारतीय मुख्य कोच रवि शास्त्री,बल्लेबाज शिखर धवन और बीसीसीआई अधिकारियों ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मंगलवार को होने वाले तीसरे और आखिरी टी-20 इंटरनेशनल मैच से पहले तिरुवनंतपुरम के प्रसिद्ध पद्मनाभस्वामी मंदिर में पूजा की। शास्त्री ने अग्रशाला गणपति में नारियल चढ़ाया। अग्रशाला गणपति के बारे में कहा जाता है कि वह बाधाओं से मुक्ति दिलाते हैं।

पदमनाभस्वामी मंदिर में शास्त्री, धवन और बीसीसीआई अधिकारियों ने घंटाभर का समय बिताया, उन्होंने भगवान से भारतीय टीम के सीरीज में जीत की दुआ कि और अपने परिवार की सुख शांति के लिये भगवान हनुमान को मक्खन भी चढ़ाया।

शास्त्री जब चार साल के थे तब पहली बार अपनी मां के साथ इस मंदिर में आये थे। उन्होंने कहा कि अगली बार वह जब शहर आएंगे तो अपनी मां को भी साथ ले कर आएंगे ताकि एक बार फिर वो अपनी माँ के साथ मंदिर के दर्शन कर सके।

तिरुवनंतपुरम में एक दिन पहले से ही भारी बारिश हो रही है, जिससे मैच पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। यहाँ मौसम पल-पल करवटें बदल रहा है और आशंका जताई जा रही है कि बारिश मैच में खलल डाल सकती है।