
नई दिल्ली। साल 2019 में होने वाले क्रिकेट विश्व कप में अभी एक साल बाकी है। लेकिन सभी टीमों ने इसके लिए अपनी तैयारियों को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। कप्तान कोहली के नेतृत्व में भारतीय क्रिकेट टीम को इस खिताब का प्रबल दावेदार बताया जा रहा है। लगातार 9 एकदिवसीय सीरीज जीत चुकी टीम इंडिया भी क्रिकेट महाकुंभ के लिए तैयार हो रही है। इंग्लैंड में होने वाले इस विश्व कप से पहले भारत की कोशिश ज्यादा से ज्यादा तेज पिचों पर दिग्गज टीमों से भिड़ंत करने का है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने 2018-19 सत्र में टीम इंडिया के दौरों और मुकाबलों का शेड्यूल जारी किया है।
विश्व कप से पहले 63 मुकाबले खेलेगी टीम इंडिया -
विश्व कप से पहले भारतीय टीम टेस्ट, वन डे और टी-20 मिलाकर कुल 63 मैच खेलेगी। इसमें करीब 30 वनडे इंटरनेशनल मैच होगा। साथ ही 12 टेस्ट मैच खेलेगी। फटाफट क्रिकेट में भारतीय टीम 21 इंटरनेशनल मैच खेलेगी। मौजूदा सत्र (2017-18) का अंत भारतीय टीम श्रीलंका में होने वाले त्रिकोणीय टी20 सीरीज में करेगी। इस सीरीज में तीसरी टीम बांग्लादेश की होगी।
आईपीएल से शुरू होगा नया सत्र-
श्रीलंकाई सरजमीं पर होने वाले त्रिकोणीय सीरीज के बाद भारतीय टीम नए सत्र की शुरुआत इंडियन प्रीमियर लीग से करेगी। आईपीएल के बाद भारतीय टीम आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की संक्षिप्त टी20 सीरीज खेलेगी। इसके बाद बेंगलुरू में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम अपना टेस्ट डेब्यू भारत के खिलाफ करेगा। जिसके बाद भारतीय टीम इंग्लैंड का ढाई महीने का अहम दौरा करेगी।
इंग्लैंड का दौरा अहम -
विश्व कप से पहले इंग्लैंड के दौरे पर जाने वाली भारतीय टीम वहां पांच टेस्ट, तीन वनडे और तीन टी-20 मुकाबले खेलेगी। यह दौरा विश्व कप से पहले भारतीय टीम को इंग्लैंड के माहौल को समझने में काफी मददगार साबित होगा।
इसके बाद एशिया कप में भाग लेगी-
इंग्लैंड के अहम दौरे के बाद भारतीय टीम एशिया कप में भाग लेगी। इस टूर्नामेंट की तारीखों का अभी ऐलान नहीं हुआ है। जिसके बाद भारतीय टीम वेस्ट इंडीज टीम की मेजबानी करेगी। इस सीरीज में दो टेस्ट, पांच वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। टीम इंडिया नवंबर-दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया जाएगी, जहां वह उसके खिलाफ चार टेस्ट, तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय और तीन वनडे मैच खेलेगी।
न्यूजीलैंड का दौरा करेगी टीम इंडिया -
न्यूजीलैंड दौरा जनवरी के मध्य से फरवरी के मध्य तक चलेगा जिसमें पांच वनडे और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। फरवरी के दूसरे हाफ में आस्ट्रेलियाई टीम सीमित ओवरों की सीरीज के लिए भारत आएगी जिसमें पांच वनडे और दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच आयोजित होंगे। 2018-19 सत्र जिम्बाब्वे के साथ तीन मैचों की टी20 सीरीज के साथ खत्म होगा।
Published on:
18 Feb 2018, 10:16 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.