
ISL : मौजूदा विजेता चेन्नइयन एफसी से बदला लेने की फिराक में बेंगलुरू
नई दिल्ली। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पिछले सीजन के फाइनल में पहुंचने वाली दो टीमें बेंगलुरू एफसी और मौजूदा विजेता चेन्नइयन एफसी लीग के पांचवें सीजन के अपने पहले मैच में कांतिरावा स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। चेन्नइयन ने आईएसएल-4 के फाइनल में बेंगलरू को 3-2 से मात देकर खिताब अपने नाम किया था। पिछले सीजन में बेंगलुरू लीग की सर्वश्रेष्ठ टीम होने के बाद भी खिताब नहीं जीत पाई थी। उसने 18 में से 13 मैचों में जीत हासिल करते हुए प्लेऑफ में जगह बनाई थी। फाइनल में हालांकि वह चेन्नइयन से पीछे रह गई थी।
टीम के पास मिकू और कप्तान सुनिल छेत्री जैसे स्टार स्ट्राइकर हैं। दोनों ने पिछले सीजन में मिलकर कुल 26 गोल किए थे। सीजन की शुरुआत से पहले बेंगलुरू ने स्पेन में अभ्यास किया था और बार्सिलोना-बी तथा विलारियल-बी के साथ खेली थी। टीम इस बार नए कोच कार्लस कुआड्राट के मार्गदर्शन में उतर रही है। कार्लस ने एएफसी कप इंटरजोन सेमीफाइनल से टीम की जिम्मेदारी संभाली है। बेंगलुरू ने इस सीजन 12 खिलाड़ियों को रिटने किया और पांच युवा खिलाड़ियों को बी टीम से सीनियर टीम में बुलाया है।
टीम ने जिन खिलाड़ियों को रिटेन किया है वो, गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू, डिफेंडर राहुल भीके, हरमनजोत खाबरा, बोईथांग हाओकिप, थोंगकोसिएम हाओकिप और उदांता सिंह के नाम शामिल हैं। मिडफील्डर खिलाड़ियों में केन लुइस और डिफेंडर साइरुआत किमा को इस सीजन में टीम के साथ जोड़ा है। डिफेंडर रिनो एंटो और गुरसिमरत सिंह गिल और गोलकीपर सोराम पोइरेई की भी बेंगलुरू में वापसी हुई है। विदेशी खिलाड़ियों में मिकू फॉरवर्ड लाइन की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसमें उनका साथ दिमास डेलगाडो, जुआनन गोंजालेज और एरिक पार्टलाऊ देंगे। ब्लूस ने सिसको हर्नाडेज और स्ट्राइकर चेंचो गेल्टशेन को भी टीम में रखा है जबकि अल्बर्ट सेरान को इस सीजन ही अपनी टीम में शामिल किया है। चेन्नइयन ने पिछले सीजन में काफी शानदार खेल दिखाया था। उनके डिफेंस के कारण ही टीम खिताब जीतने में सफल रही थी।
सीजन से पहले हालांकि चेन्नइयन मलेशिया में खेले गए अपने चारों अभ्यास मैच हार गई थी। लेकिन पिछले सप्ताह ही उसने आई-लीग की टीम इंडियन एरोज के साथ ड्रॉ खेला। चेन्नइयन की टीम में इस बार हेनरिक सेरेनो हैं जबकि मिडफील्डर रेने मिहेलिक और फॉरवर्ड बिक्रमजीत सिंह ने भी क्लब का साथ छोड़ दिया है। टीम ने हालांकि एली साबिया को सेरेनो के स्थान पर टीम में जगह दी है। साथ ही स्पेन के मिडफील्डर आंद्रे ओरलांडी तथा फिलीस्तीन के कार्लोस सालोम को अपने साथ जोड़ा है जो भारत के स्टार खिलाड़ी जेजे लालपेखुआ का साथ देंगे।
Published on:
29 Sep 2018, 5:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.