
महेंद्र सिंह धोनी (Photo - IANS)
IPL 2026, CSK, MS Dhoni:महेंद्र सिंह धोनी अब अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर हैं। देखा जाए तो यह उनका आखिरी IPL होने वाला है, लेकिन ऐसा लग रहा है कि 44 साल की उम्र में उनका शरीर अब उनका साथ नहीं दे रहा है। धोनी पिछले एक महीने से कड़ी ट्रेनिंग कर रहे थे, लेकिन प्रैक्टिस के दौरान उनकी मांसपेशियों (Calf strain) में खिंचाव आ गया है। इस चोट की वजह से वो करीब तीन हफ्ते के लिए बाहर हो सकते हैं। हालांकि CSK ने आधिकारिक तौर पर दो हफ्ते की बात कही है, लेकिन टीम के अंदरूनी सूत्रों का मानना है कि अप्रैल के आखिरी हफ्ते से पहले उनका लौटना मुश्किल है। इसका सीधा मतलब यह है कि धोनी कम से कम 6 मैच मिस कर सकते हैं। यहां तक कि 23 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले बड़े मैच में भी उनके खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है।
CSK के एक बड़े अधिकारी ने बताया, 'यह हमारे लिए बहुत बड़ा झटका है और हमें इससे निपटना ही होगा।' धोनी अपनी टीम के साथ गुवाहाटी नहीं गए हैं, जहां रविवार को राजस्थान रॉयल्स के साथ पहला मैच है। वो फिलहाल चेन्नई में ही अपनी रिकवरी पर ध्यान दे रहे हैं।
धोनी के न होने से फैंस में थोड़ा सन्नाटा तो रहेगा, लेकिन यह टीम के लिए एक नई शुरुआत का मौका भी हो सकता है। पिछले कुछ सीजन से धोनी अपनी बेस्ट फॉर्म में नहीं थे और चोटों की वजह से वो सिर्फ आखिरी के 2-3 ओवरों में ही बैटिंग कर पा रहे थे। अब टीम को धोनी की जगह लोअर-ऑर्डर में किसी दमदार बल्लेबाज की तलाश होगी। धोनी की गैरमौजूदगी में प्रशांत वीर और 14.2 करोड़ में खरीदे गए कार्तिक शर्मा जैसे खिलाड़ियों के पास खुद को साबित करने और विस्फोटक बैटिंग दिखाने का पूरा मौका होगा।
विकेटकीपिंग को लेकर टीम को ज्यादा टेंशन नहीं है क्योंकि संजू सैमसन टीम में आ चुके हैं। टीम के CEO काशी विश्वनाथन ने पहले ही हिंट दिया था कि धोनी शायद सारे मैच न खेलें और संजू ही नंबर-1 कीपर रहेंगे। चोट के बाद अब यह पक्का लग रहा है कि धोनी जब वापस आएंगे भी, तो शायद सिर्फ 'इम्पैक्ट प्लेयर' के तौर पर खेलें। धोनी का टीम के साथ ट्रैवल न करना यह साफ इशारा है कि अब मैदान पर फैसले लेने की जिम्मेदारी ऋतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन की नई लीडरशिप जोड़ी पर होगी, जो कोच स्टीफन फ्लेमिंग के साथ मिलकर टीम को आगे ले जाएंगे।
Published on:
29 Mar 2026 11:46 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
IPL 2026
