
नई दिल्ली। महेंद्र सिंह धोनी का बाहुबली अवतार पिछले दो दिनों से सुर्खियों में था। धोनी को चाहने वाले प्रशंसक लंबे समय बाद उन्हें लंबे बालों में देख कर खुश थे। लेकिन अब धोनी के इस नए अवतार के पीछे का राज सामने आ गया है। साल 2011 टीम इंडिया को वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले महेन्द्र सिंह धोनी को गेमिंग प्लेटफार्म ड्रीम-11 के ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया है। इस प्लेटफॉर्म पर दो करोड़ से ज्यादा खेल के प्रशंसक है जो ‘फैंटेसी क्रिकेट, फुटबाल, कबड्डी और एनबीए’’ जैसे खेल खेलते हैं।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक कि ड्रीम-11 के यूजर धोनी की तरह ही खेल (क्रिकेट) के धुरंधर बनना चाहते हैं। जिस कारण से धोनी को इसका ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया है। बता दें कि धोनी ने अपनी कप्तानी में देश को 2007 में पहले टी-20 वर्ल्ड कप का विजेता बनाने के बाद साल 2011 में वनडे वर्ल्ड कप का भी चैंपियन बनवाया था।
ड्रीम-11 के ब्रांड एम्बेसडर बनाए जाने से धोनी काफी खुश हैं। धोनी ने कहा कि मैं ड्रीम-11 से जुड़ कर काफी खुश हूं क्योंकि यह खेल के लाखों प्रशंसकों को फैसला लेने, टीम का गठन और खेल का अनुभव लेने का मौका देगा। इसके अलावा धोनी को चॉकलेट ब्रांड‘ स्निकर्स’ का भी ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया है।