
Happy Birthday Javagal Srinath: भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ का आज 54 वां जन्म दिन है। 31 अगस्त 1969 को कर्नाटक के मैसूर में जन्मे श्रीनाथ के नाम ढेरों रिकॉर्ड हैं। लेकिन क्रिकेट इतिहास का एक ऐसा रिकॉर्ड है जो श्रीनाथ के नाम तो नहीं है लेकिन उसे बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। क्रिकेट के मैदान में अपने दोस्ती के कई किस्से सुने होंगे। ऐसा ही एक दिलचस्प किस्सा भारतीय तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ और दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले की दोस्ती का है। वाकया साल 1999 का है जब अनिल कुंबले पाकिस्तान की टीम पर कहर बनकर टूटे थे और पाकिस्तान की पूरी टीम को अकेले पवेलियन पहुंचाया था।
7 फरवरी 1999 को दिल्ली के फिरोज शाह कोटला स्टेडियम (जो अब अरुण जेटली स्टेडियम के नाम से जाना जाता है) में कुंबले ने एक पारी में 10 विकेट लिए थे। 10 साल लंबे अंतराल के बाद भारत दौरे पर आई पाकिस्तानी टीम के खिलाफ सीरीज के दूसरे टेस्ट की चौथी पारी में कुंबले ने ये कमाल किया था।
उनके इस प्रदर्शन से भारतीय टीम ने 212 रन से पाकिस्तान को हरा दिया और पाकिस्तान के खिलाफ 20 साल और 23 टेस्ट मैच से चले आ रहे जीत के सूखे को भी खत्म किया। लेकिन कुंबले का यह रिकॉर्ड जवागल श्रीनाथ के बिना अधूरा है। दरअसल पाकिस्तान के 8 विकेट गिर चुके थे और क्रीज़ पर दिग्गजा स्पिनर सकलैन मुश्ताक और कप्तान वसीम अकरम बल्लेबाजी कर रहे थे। ऐसे में कुंबले को पारी में 10 विकेट के करीब पहुंचता देख भारतीय कप्तान अजहरुद्दीन ने दूसरी छोर से गेंदबाजी कर रहे जवागल श्रीनाथ को स्टंप से दूर गेंदबाजी करने का निर्देश दिया। श्रीनाथ ने भी कुंबले के साथ दोस्ती निभाते हुए कप्तान के आदेश का पालन किया। ऐसे में कुंबले ने सकलैन मुश्ताक को एलबीडब्लू करके नौवा विकेट झटक लिया।
वहीं अगले ओवर में वसीम अकरम को शॉर्ट लेग पर खड़े वीवीएस लक्ष्मण के हाथों लपकवाकर इतिहास रच दिया। उन्होंने 27.3 ओवर में 74 रन देकर 10 विकेट हासिल किए। अगर जवागल श्रीनाथ ने कप्तान की बात को अनसुना कर दिया होता तो अपना विकेट श्रीनाथ की गेंद पर बलिदान करने को तैयार बैठे पाकिस्तानी खिलाड़ी कुंबले को परफेक्ट 10 पूरा करने नहीं देते। इसलिए अपने इस रिकॉर्ड के लिए कुंबले को ताउम्र उनका अहसानमंद रहना होगा।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 551 विकेट लेने वाला यह तेज गेंदबाज अब मैच रैफरी है। श्रीनाथ के नाम बतौर भारतीय गेंदबाज सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप खेलने का रिकॉर्ड है। वो साल 1992, 1996,1999 और साल 2003 में हुए 50-50 वर्ल्ड कप में टीम का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए वर्ल्ड कप में 34 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने सबसे ज्यादा 44 विकेट लिए हैं। जवागल श्रीनाथ वन-डे में भारत के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं। उन्होंने वन-डे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के 229 मैचों में कुल 315 विकेट चटकाए हैं। पहले स्थान पर अनिल कुंबले हैं, जिन्होंने 271 मैचों में 337 विकेट झटके हैं।
इंजीनियर से क्रिकेटर बने श्रीनाथ ने साल 1991 में पाकिस्तान के खिलाफ वन-डे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। 1992 में टेस्ट में 16 विकेट और वनडे में 20 विकेट लेकर वे इंडियन क्रिकेटर आफ द ईयर बने। जवागल श्रीनाथ ने अपने करियर में 67 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 236 विकेट लिए। 229 वनडे में श्रीनाथ ने 315 विकेट चटकाए। उन्होंने 147 प्रथम श्रेणी मैचों में 533 विकेट लिए और 290 लिस्ट-ए मैचों में 407 विकेट हासिल किए। संन्यास लेने के बाद भी वह क्रिकेट से जुड़े रहे और मैच रेफरी बन गए।
Published on:
31 Aug 2023, 4:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.