
ICC Ranking: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को खिलाड़ियों की ताजा रैंकिंग जारी की है। टी20 और वनडे रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों को नुकसान उठाना पड़ा है। वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में भारत की बादशाहत खत्म हो गई है। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम ने भारतीय युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल को पछाड़ते हुए फिर से पहला स्थान हासिल कर लिया है।
बाबर के 824 रेटिंग अंक हैं। वहीं, गिल 810 अंक के साथ दूसरे पायदान पर खिसक गए हैं। विराट कोहली 775 रेटिंग अंक के साथ तीसरे और रोहित शर्मा 775 रेटिंग अंक के साथ चौथे पायदान पर हैं। भारत के तीनों खिलाड़ियों ने पिछले महीने वर्ल्ड कप 2023 समाप्त होने के बाद से कोई वनडे मैच नहीं खेला है।
इन के अलावा दक्षिण अफ्रीका के रासी वान डेर डुसेन एक स्थान गिरकर आठवें स्थान पर आ गए हैं। उनके 717 रेटिंग अंक हैं। वहीं विकेट कीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन एक स्थान गिरकर 10वें स्थान पर हैं। क्लासेन के 705 रेटिंग अंक हैं। इंग्लैंड के डेविड मलान 707 रेटिंग अंक के साथ नंबर 9 पर हैं। आयरलैंड के हैरी टेक्टर वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में एक स्थान ऊपर चढ़कर सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। टेक्टर के 723 रेटिंग अंक हैं। वहीं न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल 743 रेटिंग अंक के साथ नंबर छह पर बने हुए हैं।
अंतरराष्ट्रीय टी20 में गेंदबाजों की रैकिंग की बात करें तो भारत के स्पिनर रवि बिश्नोई से बादशाहत छिन गई है। इंग्लैंड के आदिल राशीद तीन पायदान की छलांग लगाकर अब टॉप पर टॉप काबिज हो गए हैं। उनके 715 रेटिंग अंक हैं। रशीद ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में 6 शिकार किए थे। बिश्नोई को दो स्थान का घाटा हुआ है। वह 685 रेटिंग अंक के साथ तीसरे स्थान पर लुढ़क गए हैं। उन्होंने नंबर वन गेंदबाज बनने के बाद कोई मैच नहीं खेला था। अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान 692 रेटिंग अंक के साथ दूसरे स्थान पर बरकरार हैं। श्रीलांक के स्पिनर वनिंदु हसरंगा 679 रेटिंग अंक के साथ चौथे और महेश थीक्षाना 670 रेटिंग अंक के साथ पांचवें नंबर पर हैं।
Updated on:
20 Dec 2023, 4:06 PM IST
Published on:
20 Dec 2023, 4:05 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.