
KL Rahul, India vs Australia Test: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ टेस्ट मैच में नहीं खेलने वाले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के आगामी मुकाबलों के लिए अभ्यास करना शुरू कर दिया है। भारतीय टीम छह दिसंबर से एडिलेड टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया से डे-नाइट टेस्ट मैच खेलने के लिए उतरेगी। सूत्रों के मुताबिक, इस टेस्ट मैच में रोहित शर्मा बतौर सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के साथ उतरेंगे।
अभ्यास मैच पर रहेंगी सभी की नजरें
भारतीय टीम शनिवार से प्राइम मिनिस्टर इलेवन के खिलाफ पिंक बॉल से दो दिवसीय अभ्यास मैच खेलने के लिए उतरेगी। इस मैच में सभी की नजरें रोहित शर्मा पर रहेंगी जो लय में आने की कोशिश करेंगे। खराब फॉर्म से जूझ रहे रोहित फिलहाल पिंक बॉल से नेट्स पर जमकर अभ्यास कर रहे हैं।
लोकेश राहुल नंबर तीन पर उतरेंगे
एक रिपोर्ट के तहत, रोहित शर्मा की प्लेइंग 11 में वापसी करने के बाद केएल राहुल को नंबर तीन पर बल्लेबाजी के लिए उतारा जाएगा। पर्थ टेस्ट में रोहित की अनुपस्थिति में केएल राहुल और जायसवाल ने ओपनिंग की थी और दूसरी पारी में 200 रन से ज्यादा की साझेदारी की थी।
चोटिल शुभमन गिल की वापसी मुश्किल
अंगुठे की चोट से जूझ रहे बल्लेबाज शुभमन गिल का दूसरे टेस्ट मैच में खेलना भी मुश्किल लग रहा है। गिल का अभ्यास मैच खेलने पर भी संशय है। सूत्रों के मुताबिक, गिल ने अभी तक नेट्स पर पूरी तरह से बल्लेबाजी शुरू नहीं की है। उन्हें मैदान पर उतरने में काफी वक्त लगेगा।
ऑलराउंडर वेबस्टर ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल
ऑस्ट्रेलिया ने तस्मानिया के ऑलराउंडर बो वेबस्टर को मिचेल मार्श के कवर के रूप में भारत के खिलाफ आगामी टेस्ट के लिए टीम में जगह दी है। मार्श पहले टेस्ट मैच के दौरान चोटिल हो गए थे और उनकी फिटनेस पर संदेह बना हुआ है। वेबस्टर ने इंडिया-ए के खिलाफ दो अनौपचारिक टेस्ट सीरीज में 72.50 की औसत से 145 रन बनाए थे। उन्होंने सात विकेट भी चटकाए हैं। इसके अलावा उन्होंने हाल में शेफील्ड शील्ड मैच में न्यू साउथ वेल्स के खिलाफ 61 और 49 का स्कोर बनाने के साथ-साथ पांच विकेट भी लिए। वह ऑस्ट्रेलिया के सर्वश्रेष्ठ स्लिप क्षेत्ररक्षकों में से भी एक हैं।
ऑस्ट्रेलियाई टीम : पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, ऐलेक्स कैरी, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, नाथन लायन, मिचेल मार्श, नेथन मैकस्वीनी, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क और बो वेबस्टर।
Updated on:
29 Nov 2024, 10:45 AM IST
Published on:
29 Nov 2024, 10:33 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.