
भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो- ians)
Team India Probable Playing 11 for 1st T20I: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले पहले टी20 मुकाबले से पहले टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने अपनी संभावित प्लेइंग इलेवन चुनी है। उन्होंने अपनी टीम में संजू सैमसन को बाहर रखा है, जबकि वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा को सलामी बल्लेबाज के रूप में चुना है। इसके अलावा उन्होंने अपनी टीम में दो स्पिनरों को भी शामिल किया है। भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाली टी20 सीरीज का पहला मुकाबला आज चेस्टर-ले-स्ट्रीट में खेला जाएगा। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 10:00 बजे शुरू होगा।
इस मुकाबले से पहले वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर काफी चर्चा रही, लेकिन मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्रेयस अय्यर ने साफ कर दिया कि उनके डेब्यू को लेकर फैसला फिलहाल सीक्रेट है। हालांकि, उन्होंने संकेत दे दिए कि अभी टीम मैनेजमेंट उन्हें खिलाने की जल्दी में नहीं है। श्रेयस ने कहा कि जिन खिलाड़ियों ने हाल ही में भारत को टी20 वर्ल्डकप 2026 का खिताब जिताया है और वहां शानदार प्रदर्शन किया है, उनका भरोसा बनाए रखना और उन्हें सुरक्षा का एहसास कराना जरूरी है। इसलिए फिलहाल उन्हें ही मौका दिया जाएगा।
हालांकि, टीम इंडिया के पूर्व टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी चौथे टी20 मुकाबले में डेब्यू कर सकते हैं। वहीं, आकाश चोपड़ा का मानना है कि वह पहले ही मुकाबले में खेलते नजर आएंगे। आकाश चोपड़ा के मुताबिक वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ओपनिंग करेंगे, जबकि ईशान किशन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं। श्रेयस अय्यर चौथे स्थान पर बने रहेंगे। इसके अलावा तिलक वर्मा पांचवें और शिवम दुबे छठे स्थान पर आएंगे, जबकि सातवें नंबर पर उन्होंने अक्षर पटेल को रखा है।
टीम में उन्होंने रवि बिश्नोई को भी शामिल किया है, जो अक्षर पटेल के साथ दूसरे स्पिनर की भूमिका निभाएंगे। वहीं, तीन तेज गेंदबाजों के रूप में हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव को जगह दी है। आकाश चोपड़ा ने संजू सैमसन को मौका न देने के पीछे की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि शुरुआती दो मैचों के बाद संजू सैमसन को आजमाया जा सकता है।
Updated on:
01 Jul 2026 01:47 pm
Published on:
01 Jul 2026 12:34 pm
