
Asia Cup 2022 /strong> एशिया कप 2022 का तीसरा सुपर 4 मुक़ाबला मेजबान श्रीलंका और भारत के बीच खेला गया। इस मैच में श्रीलंका ने भारत को 6 विकेट से हरा दिया। इस हार के साथ भारत के फाइनल में जाने की उम्मीदें कम हो गई हैं। इस हार के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम पूरी तरह से तौयार हैं। बस इसमें कुछ बदलाव किए जाएंगे।
मीडिया से बात करते हुए रोहित ने कहा, ' ऐसे टूर्नामेंट्स में प्रेशर होता है। कमी कहीं नहीं है। क्वालिटी तो टीम में है। हमने इतने मैच खेले और जीते। मेरा मानना है कि ऐसे टूर्नामेंट में जहां पर विपक्षी टीमें अलग-अलग होती हैं, वहां पर प्रेशर ज्यादा होता है, क्योंकि द्विपक्षीय सीरीज में एक ही विपक्षी टीम होती है।'
रोहित ने कहा, 'हम 10-15 रन कम थे। मिडिल में लड़को को सीखने की जरूरत है कि उन्हें क्या करना चाहिए और किस तरह का शॉट-मेकिंग हो सकता है।" उन्होंने कहा कि लगातार दो हार भारतीयों के लिए सीखने का अच्छा अनुभव है। 'यह टीम लंबे समय से अच्छी दौड़ में थी, इस तरह की हार से हमें एक टीम के रूप में बेहतर सीखने में मदद मिलेगी। गेंद के साथ यह एक अच्छा प्रयास था।'
उन्होंने कहा, 'हार हो या जीत हो, हमें ऐसा ही माहौल चाहिए और हमने इसको लेकर बहुत मेहनत की है। अगर ड्रेसिंग रूम का माहौल अच्छा रहता है तो मैदान पर भी आपको अच्छा प्रदर्शन देखने को मिलेगा। विश्व कप से पहले यह जरूरी है कि ड्रेसिंग रूम का माहौल अच्छा रहे। खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन या जीत-हार पर जज नहीं किया जाए। यहां पर जो भी खिलाड़ी हैं, वे अच्छे हैं, हमें बस निरंतरता की जरुरत है।'
रोहित शर्मा ने फिर दोहराया कि टी20 विश्व कप के लिए 90-95% टीम सुनिश्चित है। वे जो प्रयोग कर रहे हैं, उसका लक्ष्य सर्वश्रेष्ठ एकादश को सुनिश्चित करना है। हालांकि, इसी सप्ताह की शुरुआत में टीम के कोच राहुल द्रविड़ ने कहा था कि टीम अब कोई प्रयोग नहीं कर रही है।
पिछले दो मैचों में भारत दो मुख्य तेज गेंदबाजों के साथ ही उतरा। रविंद्र जडेजा की गैरमौजूदगी में टीम इंडिया दो मुख्य स्पिनर्स और एक पार्टटाइम विकल्प दीपक हुड्डा के साथ मैदान पर उतरी। हालांकि, दीपक हुड्डा से एक भी ओवर गेंदबाजी नहीं कराई गई।
Published on:
7 Sep 2022, 1:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.