
कोलकाता। टेस्ट में अपनी पहली जीत की तलाश में भारत पहुंची श्रीलंका की टीम ने पहले टेस्ट में अपनी स्थिति मजबूत बना ली है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका की टीम चार विकेट खोकर 165 रन बना चुकी है। वह भारत की पहली पारी से महज सात रन पीछे है। जबकि अभी उसके 6 विकेट हाथ में है। शनिवार का खेल खत्म होने तक श्रीलंका के कप्तान दिनेश चंडीमल 13 और विकेटकीपर बल्लेबाज 14 रन बनाकर खेल रहे हैं। दो दिनों तक बारिश की खलल के बीच हुए मुकाबले में शनिवार को बारिश ने अपनी मेहरबानी दिखाई। जिसका फायदा उठाते हुए श्रीलंका के बल्लेबाजों ने अच्छी बल्लेबाजी का मुजाहिरा पेश किया।
मैथ्यूज और थिरिमाने की फिप्टी
कोलकाता में तीसरे दिन श्रीलंका के बल्लेबाज एंजेलो मैथ्यूज और लाहिरु थिरिमाने ने अच्छी बल्लेबाजी की। दोनों बल्लेबाजों ने ९४ गेंदों का सामना करते हुए अपनी-अपनी फिप्टी जमाई। मैथ्यूज 52 जबकि थिरिमाने 51 रन बनाकर आउट हुए। दोनों बल्लेबाजों को उमेश यादव ने आउट किया। इन दोनों से पहले श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज सादीरा समरविक्रमा ने भी 23 रनों की उपयोगी पारी खेली।
भारतीय बल्लेबाजों का लचर प्रदर्शन
इससे पहले तीसरे दिन ईडन में धूप तो अच्छी खिली लेकिन भारत के बल्लेबाजों की खराब स्थिति पर इससे कोई असर नहीं हुआ। 74 रन पर पांच विकेट से आगे खेलते हुए भारत की पहली पारी 172 रन पर सिमट गई। तीसरे दिन क्रीज पर मौजूद चेतेश्वर पुजारा ने अपना अर्धशतक तो पूरा किया लेकिन पचासा जडऩे के तुरंत बाद वे आउट हो गए। पुजारा को गमागे ने क्लीन बोल्ड करते भारत को बड़ा झटका दिया। इसके बाद साहा और जडेजा ने कुछ आकर्षक शॉट लगाते हुए स्कोर बोर्ड को आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों ने छठें विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी की। साहा 83 गेंदों में छह चौकों की मदद से 29 रन बना कर आउट हुए। जबकि ऑलराउंडर जडेजा ने भी 37 गेंदों में दो चौके और एक सिक्स लगाकर 22 रन का योगदान दिया।
लकमल ने चटकाए चार विकेट
इन दोनों के आउट होने के बाद स्थानीय मोहम्मद शमी ने तेज पारी खेली। शमी ने 22 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके की मदद से 24 रन बनाए। शमी आखिरी बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। श्रीलंका की ओर से सुरंगा लकमल ने 26 रन खर्च करते हुए 4 विकेट चटकाए। लकमल के अलावे श्रीलंका के लाहिरू गमागे, दसुन शनाका और दिलरुवान परेरा ने दो-दो विकेट चटकाने में सफलता हासिल की।
47वीं गेंद पर बना रन
कोलकाता टेस्ट में बेहतरीन गेंदबाजी करने वाले सुरंगा लकमल के नाम पर इस मैच में एक खास रिकॉर्ड भी दर्ज हुआ। लकमल की सात ओवर की गेंदबाजी में भारतीय बल्लेबाज एक भी रन नहीं बना सके। लकमल की गेंद पर पहला रन 47वीं गेंद पर बना। इससे बेहतर गेंदबाजी का प्रदर्शन श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज चमिंडा वास ने किया था। वास ने साल 2005 में भारत के खिलाफ चेपक स्टेडियम में हुए टेस्ट में लगातार 11 ओवर मेडन फका था।
Published on:
18 Nov 2017, 10:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.