IND VS WI 1ST TEST: पृथ्वी शॉ करेंगे डेब्यू, मयंक और विहारी को नहीं मिली 12 सदस्यीय टीम में जगह
नई दिल्ली।वेस्टइंडीज के खिलाफ 4 अक्टूबर को राजकोट में होने वाले पहले मैच में पृथ्वी शॉ डेब्यू करेंगे। भारतीय टीम मैनेजमेंट ने पहले टेस्ट के लिए 12 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। वैसे भारतीय टीम मैच से पहले 11 और 12 खिलाड़ियों की टीम घोषित करने के लिए नहीं जानी जाती है। भारत ने ऐसा इंग्लैंड में किसी भी मैच से पहले नहीं किया था। भारत की 15 सदस्यीय टीम में से मयंक अग्रवाल, हनुमा विहारी और मोहम्मद सिराज को इस 12 खिलाड़ियों की टीम में जगह नहीं मिली है।
शॉ करेंगे डेब्यू- लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद शॉ ने इंग्लैंड में आखिरी दो टेस्ट मैचों के लिए भारतीय टीम में जगह बनाई थी। उनका घरेलु क्रिकेट में व इंडिया ए के लिए प्रदर्शन जबरदस्त रहा है। हलाकि उनको भारतीय टीम की ओर से इंग्लैंड में खेलने का मौका नहीं मिला था। भारतीय टीम ने उनके ऊपर अनुभवी खिलाड़ी केएल राहुल और शिखर धवन को तवज्जो दी थी। इस 12 सदस्यों वाली टीम में पृथ्वी के अलावा केवल एक ही सलामी बल्लेबाज(राहुल) है इस कारण उनका वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में खेलना पक्का है। शॉ फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 56.72 की औसत से रन बना रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपने रणजी ट्रॉफी डेब्यू में शतक लगाया और इसके बाद दलीप ट्रॉफी में सबसे कम उम्र में डेब्यू शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने।
मयंक को नहीं मिली जगह- धवन के बाहर जाने से सलामी बल्लेबाज के रूप में पृथ्वी की लड़ाई मयंक अग्रवाल से थी लेकिन मयंक को इस टीम में जगह न मिलने से उनका खेलना पक्का हो गया है। हाल ही में ख़त्म हुए बोर्ड प्रेजिडेंट एलेवेन और वेस्टइंडीज के बीच हुए मैच में पृथ्वी ने महज 8 रन बनाए थे वहीं मयंक ने 90 रनों की पारी खेली थी। दोनों ही खिलाड़ियों का प्रदर्शन पिछले एक साल में जबरदस्त रहा है।
विहारी और सिराज भी टीम से बाहर- इंग्लैंड में आखिरी टेस्ट में डेब्यू करने वाले मध्यक्रम बल्लेबाज हनुमा विहारी को भी टीम से बाहर का रास्ता दिखाया गया है। इसके अलावा टेस्ट डेब्यू का इन्तजार कर रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को भी इस टीम में जगह नहीं मिली है। भारतीय टीम ने 6 गेंदबाजों को 12 लोगों की टीम में शामिल किया है। शार्दुल ठाकुर और कुलदीप यादव में किसी एक गेंदबाज को मौका मिल सकता है।
भारत की 12 सदस्यीय शॉर्टलिस्ट: विराट कोहली (C), केएल राहुल, पृथ्वी शॉ, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, उमेश यादव और शारदुल ठाकुर