मेलबर्न। विराट कोहली के जाने के बाद टीम की कप्तानी को संभालने और बल्लेबाजी में अग्रणी भूमिका निभाने का भार कार्यवाहक अजिंक्य रहाणे के कंधों पर था। आस्ट्रेलिया के साथ यहां मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के शुरुआती दो दिन रहाणे ने अभी तक इस काम को बखूबी निभाया है। उनकी नाबाद 104 रनों की पारी ने दूसरे दिन रविवार का खेल खत्म होने तक भारत को आस्ट्रेलिया पर 82 रनों की बढ़त दिला दी है। रहाणे की यह कप्तानी पारी उस समय आई जब भारत, आस्ट्रेलिया के पहली पारी के स्कोर 195 रनों के जवाब में तीन विकेट 64 रनों पर ही खो चुकी थी। रहाणे ने यहां से विकेट पर पैर जमाने शुरू किए और छोटी-छोटी साझेदारियां कर भारत को आस्ट्रेलिया के स्कोर से पार भी ले गए और अच्छी बढ़त भी दिला दी।