Women World T20 : हरमनप्रीत ब्रिगेड की नजरें सेमीफाइनल पर, आज आयरलैंड से भिड़ेगा भारत
भारतीय महिला क्रिकेट टीम गुरुवार को जब आयरलैंड के खिलाफ उतरेगी तो उसकी कोशिश विश्व कप के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने पर होगी। ग्रुप-बी में अभी तक भारत ने अपने दोनों मैच जीते हैं। पहले मैच में उसने न्यूजीलैंड को 34 रनों से मात दी थी तो वहीं अगले मैच में पाकिस्तान को सात विकेट से पटका था।
Women World T20 : हरमनप्रीत ब्रिगेड की नजरें सेमीफाइनल पर, आज आयरलैंड से भिड़ेगा भारत
नई दिल्ली। अपने पहले दो मैचों में आसानी से जीत दर्ज करने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम गुरुवार को जब आयरलैंड के खिलाफ उतरेगी तो उसकी कोशिश विश्व कप के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने पर होगी। ग्रुप-बी में अभी तक भारत ने अपने दोनों मैच जीते हैं। पहले मैच में उसने न्यूजीलैंड को 34 रनों से मात दी थी तो वहीं अगले मैच में पाकिस्तान को सात विकेट से पटका था।
दोनों मैचों में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले मैच में कप्तान हरमनप्रीत ने शानदार शतक जमाया था तो वहीं युवा जेमिमाह रोड्रिगेज ने भी अच्छा प्रदर्शन किया था। दूसरे मैच में अनुभवी बल्लेबाज मिताली राज ने अपने बल्ले का जौहर दिखाया था। अगले मैच में भारत को उम्मीद होगी कि उसकी स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना का बल्ला चले और वह एक बड़ी पारी खेलें। पहले मैच में विफल होने के बाद मंधाना ने दूसरे मैच में सधी हुई शुरुआत की थी, लेकिन वह उसे ज्यादा आगे नहीं ले जा पाई थीं।
हरमनप्रीत और मिताली से इस मैच में अपने प्रदर्शन को कायम रखने की उम्मीद है। वहीं टीम प्रबंधन वेदा कृष्णामूर्ति, तानिया भाटिया, डायलान हेमलता से रनों की उम्मीद में होगा। अगर भारत की गेंदबाजी की बात की जाए तो स्पिनर हेमलता और पूनम यादव पर बड़ी जिम्मेदारी है। शुरुआती दो मैचों में इन दोनों ने शानदार प्रदर्शन किया है। हेमलता ने दो मैचों में छह विकेट लिए हैं तो वहीं पूनम ने चार विकेट अपने नाम किए हैं।
भारत का सामना एक ऐसी टीम से है जिसे दोनों मैचों में हार मिली है। आयरलैंड को पहले मैच में आस्ट्रेलिया और दूसरे मैच में पाकिस्तान से मात मिली थी। दोनों मैचों में उसकी बल्लेबाजी विफल रही थी। पहले मैच में उसकी बल्लेबाज सिर्फ 93 रन ही बना पाई थीं वहीं दूसरे मैच में टीम ने 101 का स्कोर किया था।
गेंदबाजों ने भी आयरलैंड को निराश किया था क्योंकि दो मैचों में उसके गेंदबाज सिर्फ सात विकेट ही चटका पाए हैं। उसके लिए एक अच्छी बात यह है कि तेज गेंदबाज लुसी ओ रेली ने पिछले मैच में अपनी फॉर्म में वापसी की है। पिछले मैच में उन्होंने तीन विकेट अपने नाम किए थे।