22 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

9 साल से अजेय टीम इंडिया के पास ऑस्ट्रेलिया में हैट्रिक का मौका, कंगारुओं का डरा सकते हैं भारत के आंकड़े 

India vs Australia Test Records: भारतीय टीम पिछले 9 साल से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कोई टेस्ट सीरीज नहीं हारी है। इस दौरान दोनों देशों के बीच कुल चार टेस्ट सीरीज भारत ने जीती हैं। वहीं, बॉर्डर-गावस्कर टेस्‍ट सीरीज 2018-19 और 2020-21 में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलियाई धरती पर लगातार दो टेस्ट सीरीज जीती हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

lokesh verma

•

Updated: 20 Nov 2024, 8:08 AM IST

india vs australia test records

India vs Australia Test Records: भारतीय टीम जब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 नवंबर से पर्थ में पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज की शुरुआत करेगी तो उसके पास ऐतिहासिक रेकॉर्ड बनाने मौका होगा। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर 2018-19 और 2020-21 में लगातार दो बार टेस्ट सीरीज जीती हैं। यदि भारतीय टीम इस बार भी सीरीज जीतने में सफल रही तो वह ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज की हैट्रिक बनाने वाली दुनिया की चौथी टीम बन जाएगी। इससे पहले, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टीम ही यह कमाल कर सकी है।

पहली एशियाई टीम

भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया में लगातार दो टेस्ट सीरीज जीतने वाली पहली एशियाई टीम है। यदि अन्य एशियाई टीमों पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश की बात करें तो ये टीमें कभी भी ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी हैं। बांग्लादेश तो ऑस्ट्रेलिया में कभी टेस्ट मैच तक नहीं जीता है।

टीम इंडिया ने लगातार चार सीरीज जीतीं, 9 साल से अजेय

भारतीय टीम पिछले 9 साल से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कोई टेस्ट सीरीज नहीं हारी है। इस दौरान दोनों देशों के बीच कुल चार टेस्ट सीरीज खेली गईं और सभी में टीम इंडिया ने जीत दर्ज की। ऐसे में टीम इंडिया की नजरें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार पांचवीं सीरीज जीतने पर होंगी।

India vs Australia आमने-सामने

- 28 टेस्ट सीरीज भारत ने कुल ऑस्ट्रेलिया से खेली हैं

- 11 सीरीज भारत ने और 12 ऑस्ट्रेलिया ने जीतीं, 5 ड्रॉ रहीं

- 107 टेस्ट मैच भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया से कुल खेले

- 32 मैच भारत ने जीते, 45 हारे, 29 ड्रॉ और 01 बेनतीजा रहा

कंगारू सरजमीं पर लगातार तीन सीरीज जीतने वाली टीमें

इंग्लैंड ने 1884-85, 1886-87 और 1887-88 में क्रमश: 3-2, 2-0 और 1-0 से जीत दर्ज की थी।

वेस्टइंडीज ने 1984-85, 1988-89 और 1992-93 में क्रमश: 3-1, 3-1 और 2-1 से जीत की हैट्रिक बनाई थी।

साउथ अफ्रीका ने 2008-09, 2012-13 और 2016-17 में क्रमश: 2-1, 1-0 और 2-1 हैट्रिक बनाई थी।

दिलचस्प- टीम इंडिया ने टॉस हारने पर जीते ज्यादा मैच

भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया में कुल 9 टेस्ट मैच जीते हैं और इसमें से सर्वाधिक पांच टेस्ट उसने टॉस हारने के बाद जीते हैं। वहीं, चार टेस्ट मुकाबले टॉस जीतने के बाद अपने नाम किए हैं।

कप्तान जसप्रीत बुमराह की होगी अग्निपरीक्षा

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में कप्तान रोहित शर्मा नहीं खेलेंगे। उनकी अनुपस्थिति में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह कप्तानी करेंगे। उन्होंने अब तक सिर्फ एक बार इंग्लैंड के खिलाफ कप्तानी की थी और टीम इंडिया वो टेस्ट हारी थी। भारतीय टीम को हाल में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में हार झेलनी पड़ी थी। ऐसे में जसप्रीत बुमराह के कंधों पर टीम को जीत की पटरी पर लाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

रोहित और शुभमन गिल की खलेगी कमी

भारतीय टीम को पहले टेस्ट मैच में नियमित कप्तान रोहित शर्मा और बल्लेबाज शुभमन गिल की कमी खलेगी। रोहित हाल ही में बेटे के पिता बने हैं और इस कारण पहले टेस्ट में नहीं खेल रहे हैं। वहीं, तीसरे नंबर पर खेलने वाले गिल अभ्यास मैच के दौरान चोटिल हो गए। उनके अंगूठे में फ्रैक्चर है और वह तीन सप्ताह के लिए मैदान से दूर हो गए हैं। ऐसे में कप्तान जसप्रीत बुमराह के लिए चुनौतियां आसान नही हैं।