14 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IND vs NZ, Final Highlights: भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हरा 12 साल बाद जीता चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब, रोहित ने जड़ा तूफानी अर्धशतक

IND vs NZ, Champions Trophy 2025: न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में सात विकेट खोकर 251 रन बनाए। जवाब में भारत ने इस लक्ष्य को 49ओवर में छह विकेट खोकर हासिल कर लिया।

3 min read
Google source verification

भारत

image

Siddharth Rai

Mar 09, 2025

India vs New Zealand, Final Highlights: स्पिनर कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद कप्तान रोहित शर्मा के तूफानी अर्धशतक की मदद से भारत ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फ़ाइनल मुक़ाबले में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हरा दिया। इसी के साथ भारत ने 12 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया। इससे पहले टीम इंडिया ने 2013 में यह खिताब जीता था।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में सात विकेट खोकर 251 रन बनाए। जवाब में भारत ने इस लक्ष्य को 49 ओवर में छह विकेट खोकर हासिल कर लिया। रोहित ने 83 गेंद पर तीन छक्के और सात चौके की मदद से 76 रन बनाए। उनके अलावा श्रेयस अय्यर ने 62 गेंद पर 48 रनों की पारी खेली कीवी टीम के लिए कप्तान मिशेल सैंटनर और माइकल ब्रेसवेल ने दो -दो विकेट लिए।

252 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी की। 19वें ओवर में मिचेल सैंटनर ने धीमी गति से बल्लेबाजी कर रहे शुभमन गिल (31) को आउटकर न्यूजीलैंड को पहली सफलता दिलाई। अगले ही ओवर में माइकल ब्रेसवेल ने विराट कोहली (एक) को एलबीडबल्यू कर भारत को दूसरा झटका दिया।

27वें ओवर में रचिन रविंद्र ने रोहित शर्मा को आउट कर भारत का बड़ा झटका दिया। रोहित शर्मा ने 83 गेंदोंं में सात चौके और तीन छक्के लगाते हुए (76) रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। 39वें ओवर में मिचेल सैंटनर ने श्रेयस अय्यर को आउटकर न्यूजीलैंड को चौथी सफलता दिलाई। श्रेयस अय्यर ने 62 गेंदों में दो चौके और दो छक्के लगाते हुए (48) रन बनाये। इसके बाद अक्षर पटेल (29) रन बनाकर आउट हुये।

आखिरी ओवरों में सूझबूझ के साथ बल्लेबाजी करते हुए के एल राहुल और हार्दिक पंड्या ने न्यूजीलैंड के चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के अरमानों पर पानी फेर दिया। हालांकि इस दौरान 48वें ओवर में हार्दिक पंड्या (18) रन बनाकर आउट हो गये। भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया । भारत ने 12 साल के बाद चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता है। के एल राहुल (34) और रवींद्र जडेजा (नौ) रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से मिचेल सैंटनर और माइकल ब्रेसवेल ने दो-दो विकेट लिये। रचिन रविंद्र और काइल जेमीसन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी विल यंग और रचिन रविंद्र की सलामी जोड़ी ने न्यूजीलैंड के अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़े। आठवें ओवर में वरूण चक्रवर्ती ने विल यंग (15) को एलबीडबल्यू आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद 11वें ओवर में कुलदीप यादव ने रचिन रविंद्र (37) को आउट कर न्यूजीलैंड को दूसरा झटका दिया।
बल्लेबाजी करने आये डैरिल मिचेल ने केन विलियमसन के साथ पारी संभालने का प्रयास किया। 13वें ओवर में कुलदीप यादव ने केन विलियमसन (16) को अपनी ही गेंद पर कैच आउटकर पवेलियन भेज दिया। 24वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने टॉम लेथम (14) को एलबीडबल्यू आउट कर भारत के लिये चौथा विकेट झटका। ग्लेन फिलिप्स ने डैरिल मिचेल का बखूबी साथ निभाया। दोनों के बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी हुई।

वरूण चक्रवर्ती ने 38वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स (34) को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। 46ओवर में मोहम्मद शमी ने डैरिल मिचेल को आउटकर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। डैरिल मिचेल ने 101 गेंदों में तीन चौके लगाते हुये (63) रनों की जूझारू पारी खेली। सातवें विकेट के रूप में 49वें में कप्तान मिचेल सैंटनर(आठ) रनआउट हुये। माइकल ब्रेसवेल ने 40 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए (नाबाद 53) रनों की पारी खेली। न्यूजीलैंड ने निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट पर 251 रन का स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर वरूण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट लिये। रविंद्र जडेजा और मोहम्मद शमी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।