
INDW vs NZW, Women T20 World Cup: सोफी डिवाइन के नाबाद अर्द्धशतक के बाद रोजमेरी मैयर और ली ताहुहु की घातक गेंदबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड ने आईसीसी महिला टी-20 विश्व के ग्रुप-ए मैच में जीत से आगाज किया। न्यूजीलैंड की टीम ने भारत को 58 रन से हराया। इसके साथ ही न्यूजीलैंड की लगातार 10 मैचों की हार का सिलसिला भी थम गया।
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 160 रन बनाए, जवाब में पूरी भारतीय टीम 19 ओवर में 102 रन ही बना सकी। अब भारत टूर्नामेंट में अपना दूसरा मुकाबला छह अक्टूबर को पाकिस्तान से खेलेगा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। रही सही कसर नियमित अंतराल पर गिरते विकेट ने पूरी कर दी। भारत की ओर से सर्वाधिक रन कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बनाए। उन्होंने 14 गेंदों का सामना किया और 2 चौके संग 15 रन बनाए। भारत की ओर से स्मृति मंधाना ने 12, शेफाली वर्मा ने 2, जेमिमा रोड्रिग्स ने 13, ऋचा घोष ने 12, दीप्ति शर्मा ने 13, अरुंधति रेड्डी ने 1, पूजा वस्त्राकर ने 8, श्रेयांका पाटिल ने 7, आशा शोभना ने नाबाद 6 रन ही बना सकी। रेणुका सिंह तो खाता भी नही खोल सकी। न्यूजीलैंड की ओर से रोजमेरी मैयर ने सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए, वहीं ताहुहु ने 3 विकेट झटके। ईडन कार्सन ने 2 जबकि अमेलिया केर ने 1 विकेट लिया।
इससे पहले भारत से टॉस जीतकर न्यूजीलैंड पहले बैटिंग के लिए उतरी। न्यूजीलैंड की ओपनर जॉर्जिया प्लिमर और सूजी बेट्स ने अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 46 गेंद में 67 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी को 7.4वें ओवर में अरुंधति रेड्डी ने तोड़ा। अगले ही ओवर में जॉर्जिया प्लिमर भी पवेलियन लौट गई।
ऐसे में कप्तान सोफी डिवाइन ने अपने कंधों पर जिम्मेदारी उठाते हुए अमेलिया केर के साथ तीसरे विकेट के लिए 37 गेंद में 32 रन और ब्रुक हॉलिडे संग चौथे विकेट के लिए 26 गेंद में 46 रन की साझेदारी कर मजबूती प्रदान की। इसके बाद सोफी डिवाइन ने मैडी ग्रीन के साथ मिलकर टीम के स्कोर को निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 160 रन तक पहुंचाया।
न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान सोफी डिवाइन ने 36 गेंद में 7 चौके संग नाबाद 57 रन की पारी खेली। उनके अलावा जॉर्जिया प्लिमर ने 34, सूजी बेट्स ने 27 और ब्रुक हॉलिडे ने 16 रन बनाए। भारत की ओर से रेणुका सिंह ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए, वहीं अरुंधति रेड्डी और आशा शोभना ने 1-1 विकेट लिए। कप्तान सोफी डिवाइन को बैट से शानदार प्रदर्शन और क्षेत्ररक्षण के दौरान 3 कैच लपकने की वजह से प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
Updated on:
4 Oct 2024, 11:35 PM IST
Published on:
4 Oct 2024, 9:48 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.