
नई दिल्ली। 30 साल से कोटला पर टेस्ट को न गंवाने का रिकॉर्ड कायम रखते हुए भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ आखिरी टेस्ट ड्रॉ पर छुटा। मेहमान टीम बेशक सीरीज को हार गई हो, लेकिन कोटला टेस्ट को ड्रॉ कराते हुए श्रीलंकाई टीम अब बढ़े हुए मनोबल के साथ एकदिवसीय सीरीज के लिए उतरेगी। मैच में श्रीलंका के लिए धनंजय डीसिल्वा सकंटमोचक बन कर उभरे। धनंजय की बेहतरीन शातकीय पारी के दम पर भी यह मैच ड्रॉ हो सका। धनंजय ने 119 रनों की पारी खेली। सीरीज को 1-0 से अपने नाम करते हुए भारतीय टीम के नाम पर एक खास उपलब्धि दर्ज हुई। भारत इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के बाद दुनिया की तीसरी ऐसी टीम बनी, जिसने 9 लगातार टेस्ट सीरीज जीतने का कारनामा किया हो।
लगातार नौवीं सीरीज में जीत
विश्व की नंबर एक टीम भारत ने लगातार नौंवी टेस्ट सीरीज जीतने के साथ विश्व रिकार्ड की बराबरी कर ली। भारत ने तीन मैचों की यह सीरीज 1-0 से जीती। कोलकाता में पहला और दिल्ली में तीसरा टेस्ट ड्रा रहा जबकि भारत ने नागपुर में दूसरा टेस्ट पारी और 239 रन से जीता था। भारत ने इसके साथ ही लगातार नौंवी टेस्ट सीरीज जीत ली और आस्ट्रेलिया के 2005 से 2008 तक लगातार नौ सीरीज जीतने के विश्व रिकार्ड की बराबरी कर ली। भारत का यह सफर 2015 में श्रीलंका को उसी की जमीन पर 2-1 से मात देने के साथ शुरू हुआ था। भारत ने उसके बाद दक्षिण अफ्रीका को 3-0 से , वेस्टइंडीज को 2-0 से, न्यूजीलैंड को 3-0 से, इंग्लैंड को 4-0 से , बंगलादेश को 1-0 से, आस्ट्रेलिया को 2-1 से और श्रीलंका को 3-0 से हराया। भारत ने अपनी मौजूदा सीरीज को 1-0 से जीता।
अब दक्षिण अफ्रीका की चुनौती
क्रिकेट के सबसे पुराने फार्मेट में भारतीय टीम अब अगले साल दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी। जहां उसके पास लगातार 10वीं सीरीज जीतते हुए नया विश्व रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा। कोटला टेस्ट में भारत ने श्रीलंका के सामने 410 रन का लक्ष्य रखा था। श्रीलंका ने कल के तीन विकेट पर 31 रन से आगे खेलना शुरू किया था और पूरे दिन सराहनीय संघर्ष करते हुये डीसिल्वा के तीसरे टेस्ट शतक के दम पर मैच को ड्रा करा दिया। श्रीलंका ने मैच के ड्रा समाप्त होने तक 103 ओवर में पांच विकेट पर 299 रन बनाये।
कोहली मैन ऑफ द सीरीज
टूर्नामेंट में 610 रन बनाने वाले विराट कोहली को मैन ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया। साथ ही कोटला टेस्ट की दोनों पारियों में 293 रन बनाने वाले कोहली को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। भारतीय टीम अब मेहमान टीम के साथ एकदिवसीय और टी-20 सीरीज खेलेगी। दोनों टीमों के बीच पहला एकदिवसीय 10 दिसंब को धर्मशाला में खेला जाएगा।
Published on:
6 Dec 2017, 4:52 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.