
Virat Kohli and narendra Modi
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना जैसी महामारी से निपटने के लिए गुरूवार को पूरे देश से 22 मार्च को 'जनता कर्फ्यू' करने का आह्वान किया है। पीएम ने देशवासियों से जनता कर्फ्यू को सफल बनाने की अपील भी की थी। इस बीच क्रिकेट जगत से कई बड़े चेहरों ने पीएम के फैसले का समर्थन किया है। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली 'जनता कर्फ्यू' का समर्थन करते हुए लोगों से इसमें सहयोग देने की अपील की है।
पीएम के फैसले का विराट ने किया समर्थन
विराट ने पीएम के संबोधन के बाद एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने कहा है, 'कोरोना के खतरे का सामना करने के लिए सतर्क, चौकस और जागरूक रहें। जिम्मेदार नागरिक के रूप में हमें अपनी सुरक्षा के लिए निर्धारित मानदंड का पालन करने की आवश्यकता है, जैसा कि हमारे माननीय प्रधानमंत्री जी के द्वारा घोषणा की गई है।'
रवि शास्त्री भी आए पीएम के फैसले के समर्थन में
विराट कोहली के अलावा टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री ने भी पीएम के फैसले का समर्थन किया है। रवि शास्त्री ने कहा है, 'आइए हमारे प्रधानमंत्री जी के साथ हाथ में हाथ मिलाएं और 22 मार्च को सुबह 7 बजे से 9 बजे तक जनता कर्फ्यू का अवलोकन करें। हमें एक राष्ट्र के रूप में अत्यंत संयम बरतने की आवश्यकता है।'
शिखर धवन ने भी लोगों को घर में रहने की दी नसीहत
पीएम मोदी के फैसले के समर्थन में टीम इंडिया के गब्बर यानि कि शिखर धवन भी उतर आए हैं। शिखर धवन ने लिखा है, 'प्रधानमंत्री जी के बातों का ध्यान रखते हुए 22 मार्च को सब अपने घरों में रहें।'
पीएम मोदी की अपील
आपको बता दें कि पीएम मोदी ने देशवासियों से 22 मार्च को सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक जनता कर्फ्यू लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस 14 घंटे के दौरान कोई भी व्यक्ति अपने घर से बाहर न निकले। प्रधानमंत्री मोदी ने अपील की है कि इस जनता कर्फ्यू के दरमियान कोई भी नागरिक घरों से बाहर न निकले। न सड़क पर जाए। न सोसाइटी-मोहल्ले में लोग इकट्ठे हों। लोग अपने घरों में ही रहें।
Updated on:
20 Mar 2020, 8:35 AM IST
Published on:
20 Mar 2020, 8:15 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.