
नई दिल्ली। दिल्ली डेयरडेविल्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण में शनिवार को भी अपने हार के सिलसिले को नहीं तोड पाई। दिल्ली को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने उसके घर फिरोज शाह कोटला मैदान पर खेले गए मैच में पांच विकेट से हरा दिया। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करेत हुए ऋषभ पंत (61) और अपना पहला आईपीएल मैच खेल रहे अभिषेक शर्मा (46) के दम पर 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 181 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। बेंगलोर ने अब्राहम डिविलियर्स (नाबाद 72) और कप्तान विराट कोहली (70) के बीच हुई शतकीय साझेदारी के बूते एक ओवर पहले पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही-
दिल्ली ने बंगलोर को अच्छी शुरुआत से तो महरूम रखा और 18 रनों पर ही उसके दोनों सलाम बल्लेबाजों पार्थिव पटेल (6) तथा मोइन अली (1) को पवेलियन भेज दिया। अली को छह के कुल स्कोर पर ट्रेंट बाउल्ट ने अपना शिकार बनाया तो पटेल को अपना पहला आईपीएल मैच खेल रहे संदीम लामिछाने ने आउट किया।
कोहली और डिविलियर्स का अर्धशतक -
लेकिन इसके बाद कोहली और डिविलियर्स की जोड़ी ने दिल्ली के गेंदबाजों को और हावी नहीं होने दिया। दोनों ने तीसरे विकेट लिए 118 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत की राह पर बनाए रखा। कोहली ने अपनी अर्धशतकीय पारी में 40 गेंदों का सामना करते हुए सात चौके तथा तीन छक्के लगाए। उन्हें अमित मिश्रा ने 136 के कुल स्कोर पर पंत के हाथों कैच कराया। मनदीप सिंह (13) 158 के कुल स्कोर पर आउट हुए। सरफारज खान (11) के रूप में बेंगलोर ने 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर अपना पांचवां विकेट खोया। डिविलियर्स ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर सिक्स मार अपनी टीम को जीत दिलाई। अपनी नाबाद पारी में डिविलियर्स ने 37 गेंदों का सामना करते हुए छह छक्के और चार चौके लगाए।
दिल्ली की बल्लेबाजी का हाल-
इससे पहले, पंत के जाने के बाद एक समय लग रहा था कि दिल्ली 160 के कुल स्कोर तक भी नहीं पहुंच पाएगी, लेकिन अभिषेक ने अंत में 19 गेंदों में चार छक्के और तीन चौकों की मदद से तूफानी पारी खेल दिल्ली को 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 181 रनों तक पहुंचा दिया। पंत ने दिल्ली को खराब शुरुआत से बाहर निकाला। 16 के कुल स्कोर पर ही दिल्ली ने पृथ्वी शॉ (2) और जेसन रॉय (12) की अपनी सलामी जोड़ी को खो दिया था। यहां से पंत ने कप्तान श्रेयस अय्यर (32) के साथ तीसरे विकेट के लिए 93 रनों की साझेदारी कर टीम के अच्छे स्कोर की उम्मीदों को जिंदा रखा।
डेब्यू कर रहे अभिषेक ने भी खेली अच्छी पारी -
34 गेंदों में पांच चौके और चार छक्के मारने वाले पंत को अली ने डिविलियर्स के हाथों कैच कराया। पंत का विकेट 109 के कुल स्कोर पर गिरा। पंत के जाने के बाद कप्तान अय्यर भी 120 के कुल स्कोर पर मोहम्मद सिराज की गेंद पर विराट कोहली द्वारा लपके गए। यहां से अभिषेक ने विकेट पर कदम रखा और तेजी से रन बटोरे। हरफनमौला खिलाड़ी विजय शंकर ने उनका बखूबी साथ दिया और 20 गेंदों में दो चौकों की मदद से 21 रन बनाए। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी कर दिल्ली को चुनौतीपूर्ण स्कोर दिया। बेंगलोर के लिए युजवेंद्र चहल ने दो विकेट लिए। सिराज और अली को एक-एक सफलता मिली।
Published on:
13 May 2018, 1:01 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.