
नई दिल्ली। अपने गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण के मैच में मेजबान किंग्स इलेवन पंजाब को 10 विकेटों से करारी मात देकर अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को एक बार फिर हवा दे दी है। अपने दूसरे घर होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में खेल रही पंजाब की टीम बेंगलोर के नियंत्रित गेंदबाजी आक्रमण के सामने 15 ओवरों में 88 रनों पर ही ढेर हो गई। इस आसान से लक्ष्य को बेंगलोर ने 8.1 ओवरों में बिना विकेट खोए हासिल कर लिया।
आसानी से आरसीबी ने हासिल की जीत -
बेंगलोर को अब अगर अंतिम-4 में जगह बनानी है तो उसे बाकी के बचे दोनों मैच जीतने होंगे साथ ही अन्य टीमों के प्रदर्शन पर भी निर्भर रहना होगा। इस मैच में हार उसे पूरी तरह से प्लेऑफ की दौड़ से बाहर कर देती, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। आसान से लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलोर को जीतने में कोई भी परेशानी नहीं हुई। कप्तान विराट कोहली इस मैच में पार्थिव पटेल के साथ पारी की शुरुआथ करने आए और नाबाद लौटे। कप्तान ने 28 गेंदों की पारी में छह चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 48 रन बनाए। पटेल ने भी अपने कप्तान का बखूबी साथ दिया और 22 गेंदों में सात चौकों की मदद से नाबाद 40 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाने में सफल रहे।
पंजाब का रहा फीका प्रदर्शन-
इस मैच में पंजाब की टीम शुरू से ही लय से भटकी हुई लग रही थी और अंत तक रही भी। खराब बल्लेबाजी, गेंदबाजी के अलावा उसकी फील्डिंग भी खराब रही साथ ही टीम में तालमेल में भी कमी देखी गई जिसके कारण उसके तीन बल्लेबाज रन आउट हुए। पंजाब के लिए सर्वोच्च स्कोर एरॉन फिंच रहे जिन्होंने 23 गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से 23 रनों की पारी खेली। उनके अलावा लोकश राहुल ने 21 और क्रिस गेल ने 18 रनों का योगदान दिया। बाकी कोई और बल्लेबाज अपने खाते में दोहरी संख्य दर्ज नहीं करा पाया।
यादव की घातक गेंदबाजी-
राहुल और गेल ने पंजाब को तेज तो नहीं, लेकिन सधी हुई शुरुआत दी थी। दोनों ने 36 रन जोड़ लिए थे। इसी स्कोर पर पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर तीन विकेट लेने वाले उमेश यादव ने राहुल को अपना पहला शिकार बनाया। यादव ने अगला शिकार गेल को बनाया। राहुल के जाने के तीन गेंद बाद ही गेल मोहम्मद सिराज के हाथों लपके गए। उनका विकेट 41 के कुल स्कोर पर गिरा। इसी स्कोर पर करूण नायर (1) भी पवेलियन लौट लिए।
ताश के पत्तों की बिखड़ी पंजाब की पारी-
यहां से विकेट की पतझड़ चालू हो गई। फिंच ने संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन 12वें ओवर की पांचवीं गेंद पर वह कोहली के हाथों सीमा रेखा के पास लपके गए। 78 के कुल स्कोर पर फिंच पंजाब के छठे विकेट के रूप में आउट हुए। अगली गेंद पर रविचंद्रन अश्विन बिना रन बनाए रन आउट हो गए। अंकित राजपूत (1) के रूप में पंजाब ने अपना आखिरी विकेट खोया। वह भी रन आउट हुए। उमेश के अलावा अली, सिराज, युजवेंद्र चहल, कोलिन डी ग्रांडहोम को एक-एक सफलता मिली।
Published on:
14 May 2018, 11:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.