17 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

शाकिब और अंकित ने हासिल की खास उपलब्धियां, अर्धशतक जड़कर भी मनीष ने बनाया यह शर्मनाक रिकॉर्ड

सनराइजर्स हैदराबाद और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच हुए लो स्कोरिंग मैच में यह खास कीर्तिमान स्थापित हुए।
2 min read
Google source verification

•

image

Akashdeep Singh

•

Apr 27, 2018

SRH BATSMEN MANISH PANDEY, IPL 2018

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 11वें संस्करण में गुरूवार को राजीव गांधी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने किंग्स इलेवन पंजाब को 13 रनों से हरा दिया। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मनीष पांडेय के अर्धशतक की बदौलत किंग्स इलेवन पंजाब को 133 रनों का लक्ष्य दिया। पंजाब के लिए उनके तेज गेंदबाज अंकित राजपूत ने धारदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके। इस आईपीएल सत्र में पहली बार किसी गेंदबाज ने पांच विकेट झटके। टारगेट का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम को केएल राहुल और क्रिस गेल ने अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बावजूद टीम 119 रनों पर ढेर हो गई। हैदराबाद के लिए राशिद खान ने 3 विकेट, संदीप शर्मा, शाकिब अल हसन और बासिल थम्पी ने 2-2 विकेट झटके। इस लो स्कोरिंग मैच में कई कीर्तिमान भी बने।


अंकित ऐसा करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज
अंकित राजपूत ने मैच में 14 रन देकर 5 विकेट झटके। भारतीय टीम के लिए अंतराष्ट्रीय मैच में पदार्पण नहीं करने वाले किसी भी भारतीय गेंदबाज के लिए यह सबसे बेहतर प्रदर्शन है । इससे पहले अजित चंडीला 2012 आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 13 रन देकर 4 विकेट झटके थे। इसके साथ यह किसी भी भारतीय खिलाड़ी द्वारा किया गया तीसरा सबसे बेहतर प्रदर्शन है। इशांत शर्मा और अनिल कुंबले इससे बेहतर प्रदर्शन करने वाले दो गेंदबाज हैं।


इस सत्र का सबसे धीमा अर्धशतक
मनीष पांडेय ने अपने 54 रनों की पारी के दौरान 51 रनों का सामना किया। उन्होंने अपना अर्धशतक 48 गेंदों में पूरा किया, यह इस सत्र का अभी तक का सबसे धीमा अर्धशतक है। इस धीमी पारी के दौरान मनीष ने एक सिक्स और 3 चौके लगाए। साथ ही मनीष को इस पारी में दो जीवनदानों का सहारा भी मिला था।


ऐसा करने वाले पांचवे विदेशी गेंदबाज बने शाकिब
शाकिब अल हसन ने गुरूवार को किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ हुए मैच में 2 विकेट झटके थे। इस दौरान उन्होंने एक कीर्तिमान भी स्थापित किया। शाकिब ने कल आईपीएल में अपने आईपीएल में 50 विकेट पुरे किए, ऐसा करने वाले वो 5वें विदेशी गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा सुनील नरेन(103), मुथैया मुरलीथरन(63), शेन वार्न(57) और इमरान ताहिर(53) कर चुकें हैं।


पंजाब ने दर्ज कराया शर्मनाक रिकॉर्ड
किंग्स इलेवन पंजाब की बल्लेबाजी का यह आलम था की उन्होंने पहले विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी करने के बाद अपने सभी विकेट मात्र 119 रनों पर गंवा दिए। यह किसी भी टीम द्वारा किसी भी आईपीएल मैच में 50 रन की साझेदारी के बाद न्यूनतम स्कोर था।