
नई दिल्ली। सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान केन विलियमसन ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ मिली जीत का श्रेय अपने गेंदबाजों को दिया है। हैदराबाद ने गुरुवार रात यहां राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर महज 132 रन का स्कोर बनाया। और फिर, अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत पंजाब को 19.2 ओवरों में 119 रनों पर ही ढेर कर 13 रनों से मैच जीत लिया। हैदराबाद की सात मैचों में यह पांचवीं जीत रही और वह 10 अंक लेकर दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। जबकि, पंजाब को इतने ही मैचों में दूसरी हार का सामना करना पड़ा है और वह 10 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर है।
गेंदबाजों ने कड़ी मेहनत कर कराई वापसी: विलियमसन
कप्तान विलियमसन ने जीत के बाद कहा, "हमने इस विकेट पर अच्छी बल्लेबाजी नहीं की, जहां 180 से ऊपर भी स्कोर बनते हैं। हम अपने बल्लेबाजों से 15-20 रन और चाहते थे। 145 का स्कोर लड़ने लायक स्कोर होता। लेकिन, हमारे गेंदबाजों ने कड़ी मेहनत की, हमें पता था कि स्पिनर मैच में हमें वापस ला सकते हैं। इस स्कोर का हमने अच्छे से बचाव किया।" पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स की टीम के लिए मनीष पांडेय ने टिक कर खेला और 51 गेंदों में उन्होंने 54 रन बनाए। शाकिब अल हसन और युसूफ पठान ने मनीष का अच्छा साथ दिया और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
विलियमसन ने जीत का श्रेय गेंदबाजों को दिया
कप्तान ने कहा, "गेंदबाजों ने शानदार काम किया और हमारी फील्डिंग भी काफी अच्छी रही। टीम की गेंदबाजी में काफी गहराई है। उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और टीम को लड़ने लायक बनाया। जीत का श्रेय गेंदबाजों को दिया जाना चाहिए।" हैदराबाद के गेंदबाजों में राशिद खान ने अपने 4 ओवरों में मात्र 19 रन देकर 3 विकेट झटके। साथ ही शाकिब अल हसन, बासिल थम्पी और संदीप शर्मा ने भी 2-2 विकेट झटके।
अंकित राजपूत ने पंजाब के लिए झटके थे 5 विकेट
पंजाब के कप्तान रविचंद्रन अश्विन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। अंकित राजपूत ने अपने कप्तान को मनमाफिक शुरुआत दी और हैदराबाद के तीन बल्लेबाजों को महज 27 रनों पर ही पवेलियन भेज दिया। पहले ओवर की चौथी गेंद पर अंकित ने कप्तान केन विलियमसन को पवेलियन भेजा। इसके बाद शाकिब अल हसन (28) ने मनीष पांडे का साथ दिया और टीम को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी की। पारी की आखिरी गेंद पर मोहम्मद नबी (4) को आउट कर अंकित ने अपना पांच विकेट पूरे किए। मनीष ने अपनी पारी में 51 गेंदों का सामना किया 54 रन बनाए।
Published on:
27 Apr 2018 03:54 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
