
RCBvsRR: भारतीय टीम के कप्तान और उप-कप्तान में मुकाबला, जो हारेगा वो हो जाएगा नॉक-आउट
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण में आज सवाई मान सिंह स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का सामना राजस्थान रॉयल्स से होगा। दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद अहम है। क्योंकि प्लेऑफ में जाने के लिए दोनों को इस मैच में हर हाल में जीत की दरकार है। सिर्फ जीत हालांकि इनकी राह साफ नहीं करेगी, बल्कि अंतिम-4 में जगह बनाने के लिए उन्हें दूसरी टीमों के मैचों के परिणाम पर भी निर्भर रहना होगा। विराट कोहली की कप्तानी वाली बैंगलोर ने अपने पिछले मैच में मजबूत टीम सनराइजर्स हैदराबाद को मात दी थी और अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा था।
प्लेऑफ के लिए नॉक-आउट होगा यह मुकाबला
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, राजस्थान रॉयल्स, मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के 12-12 अंक हैं लेकिन बेहतर रन रेट के मामले में बैंगलोर इन टीमों से आगे है और पांचवें स्थान पर काबिज है। वहीं राजस्थान को अपने पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। वह नेट रन रेट के मामले में पीछे है और इस मैच में उसे बड़े अंतर से जीत की दरकार होगी। इससे पहले जब दोनों टीमों का मुकाबला हुआ था तब राजस्थान ने बैंगलोर को 19 रनों से हराया था। इस मैच में जो भी टीम मैच हारेगी वह प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकेगी।
बैंगलोर की मजबूती उसकी बल्लेबाजी
बैंगलोर की बल्लेबाजी फॉर्म में है। अभी तक कप्तान कोहली और डिविलियर्स के जिम्मे ही टीम की बल्लेबाजी का भार होता था लेकिन हैदराबाद के खिलाफ हुए मैच में बाकी बल्लेबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। मोइन अली ने आईपीएल का अपना पहला अर्धशतक जमाया तो वहीं अंत में कोलिन डी ग्रांडहोम और सरफराज खान ने भी बल्ले से अच्छा योगदान दिया। कोहली को उम्मीद होगी इस अहम मैच में भी उनके बल्लेबाज इसी तरह के प्रदर्शन को जारी रखें और बल्ले से रन बनाए।
RCB की गेंदबाजी भी बेहतर
गेंदबाजी में भी बैंगलोर ने शानदार प्रदर्शन किया और हैदराबाद को काफी प्रयासों के बाद भी रोके रखा। तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी उमेश यादव, मोहम्मद सिराज तथा टिम साउदी पर है। वहीं स्पिन का जिम्मा युजवेंद्र चहल और अली के कंधों पर है।
बटलर और स्टोक्स के बिना उतरेगी राजस्थान
अगर राजस्थान की बात की जाए तो वह इस मैच में अपने दो स्टार खिलाड़ियों जोस बटलर और बेन स्टोक्स के बिना उतरेगी। यह दोनों राष्ट्रीय टीम के साथ जुड़ने के लिए इंग्लैंड रवाना हो गए हैं। बटलर के जाने से बेशक टीम को झटका लगेगा, क्योंकि वो टीम की बल्लेबाजी को एक छोर से संभाले रहते थे। उन्होंने आईपीएल में पिछले पांच मैचों में लगातार पांच अर्धशतक जड़े थे। उनकी गैरमौजूदगी में टीम की बल्लेबाजी का भार कप्तान अजिंक्य रहाणे पर होगा। रहाणे इस सीजन में बल्ले से नियमित अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। वहीं बटलर के अलावा संजू सैमसन राजस्थान के लिए लगातार रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। उन पर भी इस अहम मैच में बड़ी जिम्मेदारी होगी।
इनको मिलेगी RR की टीम में जगह
बटलर और स्टोक्स की गैरमौजूदगी में रहाणे हेनरिक क्लासेन और डार्सी शॉर्ट को मौका दे सकते हैं। गेंदबाजी का जिम्मा वेस्टइंडीज के जोफ्रा आर्चर के कंधों पर होगा जिन्होंने अपने सटीक लाइन लैंथ और तेजी से सभी को खासा प्रभावित किया है। उनके अलावा जयदेव उनादकट को अपनी लय हासिल करनी होगी। स्पिन में कृष्णाप्पा गौतम को एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी निभानी होगी। पिछले मैच में ईश सोढ़ी ने भी अच्छी गेंदबाजी की थी। रहाणे एक बार फिर उनको अंतिम एकादश में मौका दे सकते हैं।
Updated on:
19 May 2018, 9:25 AM IST
Published on:
19 May 2018, 9:25 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.