
KL Rahul Ind Vs Zim: भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुक़ाबला शनिवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब मैदान में खेला गया। इस मैच में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को पांच विकेट से हरा दिया। इस मैच में भारत ने अपनी टीम में ज्यादा बदलाव नहीं किए। लेकिन बैटिंग ऑर्डर में बदलाव किया और आईपीएल के बाद वापसी कर रहे कप्तान केएल राहुल को सलामी बल्लेबाजी करने का मौका दिया। लेकिन केएल राहुल यहां पर फेल साबित हो गए और सिर्फ एक ही रन बना पाए।
पारी के दूसरे ही ओवर में विक्टर न्यायुची की गेंद राहुल के पैड पर जा लगी और अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया। राहुल ने शिखर धवन के साथ चर्चा करने के बाद रिव्यू भी लिया लेकिन यह रिव्यू बेकार गया और उन्हें मात्र 1 रन पर वापस लौटना पड़ा। इस वजह से फैंस नज़र हो गए और उन्हें सोशल मीडिया में ट्रोल करने लगे। कुछ फैन्स ने लिखा कि विराट कोहली और केएल राहुल अब पूरी तरह से खत्म हो चुके हैं।
यह भी पढ़ें: हर महीने करीब 32 लाख रुपये का गांजा फूंक देते हैं माइक टायसन
मैच के बाद राहुल ने कहा, "आज दूसरे लड़कों का दिन था, स्कोर छोटा था तो हमने पूरा लुत्फ लिया। मैं ओपन करने इसी वजह से आया था कि पिच पर समय बिता सकूं लेकिन ऐसा नहीं हो सका। उनके पास कई अच्छे गेंदबाज हैं। हमने पिछली सीरीज में भी देखा था तो उन्होंने बांग्लादेश को हराया था। मैंने घर पर बैठकर वह सीरीज देखी थी, कैसे उन्होंने प्रदर्शन किया था। उनके गेंदबाजों ने बल्लेबाजों के तौर पर हमें मुश्किल में डाला।"
यह भी पढ़ें: भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप में खेले गए कभी ना भूल पाने वाले मुकाबले
कप्तान ने कहा, "हम अच्छा क्रिकेट खेलना चाहते हैं, हम सीरीज जीतने आए हैं। उम्मीद है कि सोमवार को हम एक और बार अच्छा प्रदर्शन करके ऐसा करने में कामयाब रहेंगे। हम जहां भी जाते हैं तो हमें भारतीय प्रशंसकों से अच्छा सपोर्ट मिलता है और यह देखकर काफी अच्छा लगता है।''
अपनी नाबाद 43 रन की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच बने संजू सैमसन ने कहा, "रन बनाकर अच्छा लग रहा है। आप जितना समय पिच पर बिताते हो तो अच्छा लगता है और जब आप यह देश के लिए कर रहे हों तो खास हो जाता है। हां मैंने तीन कैच लिए लेकिन अच्छा नहीं लगा कि मैंने स्टंपिंग का मौका छोड़ दिया। इस मैच में गेंदबाजों ने लेंथ को बहुत जल्दी पकड़ लिया। गेंद अच्छी गति से मेरे पास विकेट के पीछे आ रही थी।"
Published on:
21 Aug 2022, 11:18 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.