
मुंबई : बांग्लादेश के साथ होने वाली टी-20 और टेस्ट सीरीज के लिए गुरुवार को चुनी गई टीम इंडिया में मुंबई के खिलाड़ी शिवम दुबे को भी मौका मिला है। यह नाम देखकर कई लोग हैरान हैं। क्योंकि किसी ने भी उम्मीद नहीं की थी कि उन्हें टीम इंडिया में जगह मिलेगी। लेकिन हाल-फिलहाल में उन्होंने घरेलू टीम में शानदार प्रदर्शन किया है। इस कारण उन्हें इनाम के तौर पर टीम इंडिया में जगह मिली है। इसका एक कारण यह भी है कि हार्दिक पांड्या के न रहने के कारण एक तेज गेंदबाज ऑलराउंडर की टीम इंडिया में कमी महसूस की जा रही थी। इसी का उन्हें फायदा मिला है। बता दें कि हार्दिक पांड्या के पीठ की सर्जरी हुई है। इसके बाद वह स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
बाएं हाथ के बल्लेबाज और दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं शिवम
शिवम दुबे बाएं हाथ बल्लेबाज हैं और उन्हें बड़ी सफाई के साथ बिग हिट लगाने के लिए जाना जाता है। इसके अलावा वह दाएं हाथ से तेज गेंदबाजी कर लेते हैं। इनके लिए हाल-फिलहाल के घरेलू सीजन काफी अच्छे गए हैं। रणजी मैच में शानदार प्रदर्शन करने के बाद विजय हजारे ट्रॉफी और इंडिया-ए की तरफ से शानदार प्रदर्शन किया है। विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने कर्नाटक के खिलाफ तूफानी शतक लगाया था। 118 रन की इस पारी के लिए उन्होंने मात्र 67 गेंद का सामना कर 10 छक्के लगाए थे। आईपीएल में वह विराट कोहली की टीम रायल चैलेंजर्स बैंगलोर की तरफ से खेलते हैं। विराट की टीम ने ऑक्शन में उन पर पांच करोड़ रुपए खर्च किए थे। हालांकि आईपीएल 2019 में वह कुछ खास नहीं कर पाए थे। चार पारी में महज 40 रन बना पाए थे।
दो बार 5 गेंद पर लगा चुके हैं 5 छक्के
शिवम की छवि युवराज सिंह की तरह सिक्सर किंग की है। इन्हें दूसरा युवराज बताया जा रहा है। मुंबई टी-20 लीग के एक मैच में वह लेग स्पिनर प्रवीण तांबे की लगातार पांच गेंदों पर पांच छक्के जड़ चुके हैं। इसके बाद एक बार फिर पिछले आईपीएल ऑक्शन के एक दिन पहले बड़ौदा के स्वप्निल सिंह के ओवर में उन्होंने इस करिश्मे को दोहरा दिया था। इसके अलावा वह 2018-19 के रणजी सीजन में हैट्रिक भी ले चुके हैं। इस सीजन में उन्होंने पांच मैचों में 99.50 की औसत से 489 रन बनाए थे और 17 विकेट लिए थे।
बांग्लादेश के खिलाफ ऐसी है भारतीय टी-20 टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडेय, शिवम दुबे, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, क्रुणाल पांड्या, युजवेंद्र चहल, राहुल चाहर, दीपक चाहर, खलील अहमद और शार्दुल ठाकुर।
Updated on:
24 Oct 2019, 9:10 PM IST
Published on:
24 Oct 2019, 9:07 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.