
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड (India vs England) के बीच लंदन के द ओवल क्रिकेट ग्राउंड में चौथा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। भारत ने दूसरी पारी में इंग्लैंड को 368 रनों का लक्ष्य दिया है। कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने दोनों ही पारियों में अच्छी बल्लेबाजी की है। हालांकि अपनी पारी को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए। कोहली ने पहली पारी में 96 गेंदों में 50 रन बनाए। वहीं दूसरी पारी में 96 गेंदों में 4 चौके लगाते हुए 48 रन बनाए। लेकिन स्पिनर मोईन अली की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे थे। कोहली ने अब तक इस सीरीज में 4 मैचों की 7 पारियों में 218 रन बनाए हैं।
कोहली ने बनाया नया रिकॉर्ड
इंग्लैंड के खिलाफ भले ही कोहली का बल्ला ज्यादा ना चला हो, लेकिन उन्होंने फिर भी अपने नाम एक नया रिकॉर्ड दर्ज करा लिया है। दरअसल, कोहली बतौर कप्तान SENA (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) में 2000 रन पूरे करने वाले भारत के पहले और दुनिया के चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले इस लिस्ट में साउथ अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ (2675), एलन बॉर्डर (2182) और क्लाइव लॉयड (2124) शामिल हैं जो बतौर कप्तान ही SENA में यह कारनामा करने में सफल रहे हैं। इससे पहले पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धेानी भी यह कारनामा नहीं कर पाए थे।
यह खबर भी पढ़ें:—मोहम्मद शमी ने ऋषभ पंत को किया ट्रोल, दिया ऐसा करारा जवाब
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में 1000 रन बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं कोहली
विराट कोहली इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1000 से ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ ही ऐसा करनामा कर पाए हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 टेस्ट मैचों की सीरीज अभी 1—1 की बराबरी है। इस सीरीज का पहला मैच ड्रॉ रहा था। दूसरा मैच भारत ने जीता और तीसरा इंग्लैंड ने। अब दोनों ही टीम चौथे टेस्ट में बढ़त लेने की कोशिश करेंगी।
Published on:
5 Sep 2021, 10:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.