
IPL 2023: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 से पहले सभी टीमें खिलाड़ियों को रिलीज और रीटेन कर रही हैं। इसी बीच कुछ टीमों ने अपने सपोर्ट स्टाफ में भी बदलाव किए हैं। बुधवार को पंजाब किंग्स (PBKS) ने एक बार फिर पूर्व भारतीय क्रिकेटर वसीम जाफर को आगामी आईपीएल सीजन के लिए अपना बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया। जिसके बाद इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने उन्हें ट्रोल करते हुए उनकी फिरकी ली है।
जाफर और वॉन के बीच अक्सर ट्विटर पर जुबानी जंग चलती रहती है। ऐसा ही कुछ बुधवार को भी हुआ। जाफर के बल्लेबाजी कोच बनते ही पंजाब किंग्स ने ट्विटर पर लिखा, 'जिसका आप इंतजार कर रहे थे, पेश है हमारे बैटिंग कोच वसीम जाफर! किंग का स्वागत करने के लिए एक मीम के साथ उत्तर दें।' इस ट्वीट को रीट्वीट करते हुए इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने लिखा, ''कोई जो मेरी बॉल पर आउट हुआ वह बल्लेबाजी कोच है।' इसपर भारतीय बल्लेबाज ने बरनोल की तस्वीर शेयर करते हुए वॉन को टैग किया है।
बता दें 44 वर्षीय जाफर ने इस साल की शुरूआत में आईपीएल 2022 मेगा-नीलामी से पहले पीबीकेएस बल्लेबाजी कोच के रूप में पद छोड़ दिया था। वह 2019 में पंजाब किंग्स (तब किंग्स इलेवन पंजाब) में शामिल हुए थे और इससे पहले उन्होंने तीन सीजन के लिए टीम के साथ काम किया था।
इस बीच, फ्रेंचाइजी ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर चार्ल लैंगवेल्ट को भी अपना नया तेज गेंदबाजी कोच नियुक्त किया। दूसरी ओर, पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ब्रैड हैडिन को टीम का सहायक कोच बनाया गया है। इससे पहले, पंजाब किंग्स ने 2023 सीजन के लिए शिखर धवन को नए कप्तान और ट्रेवर बेलिस को नए मुख्य कोच के रूप में घोषित किया था।
धवन ने मयंक अग्रवाल की जगह ली, जिन्हें आईपीएल 2023 खिलाड़ी के रूप में मंगलवार को फ्रेंचाइजी द्वारा रिलीज कर दिया गया था, जबकि बेलिस अनिल कुंबले की जगह आए हैं। पंजाब ने 16 खिलाड़ियों को रिटेन किया है और 23 दिसंबर को कोच्चि में होने वाली आईपीएल 2023 नीलामी के लिए उसके पास 32.2 करोड़ रुपये बचे हैं।
Published on:
17 Nov 2022, 2:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.