
मोहम्मद शमी, रणजी ट्रॉफी मैच के दौरान। (Photo -IANS)
Mohammed Shami: रणजी ट्रॉफी 2026-27 का आगाज आज से हुआ। लंबे समय से टीम इंडिया में वापसी की राह देख रहे मोहम्मद शमी ने पहले ही दिन शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने बंगाल क्रिकेट अकादमी ग्राउंड पर खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप-सी मुकाबले में दिल्ली के खिलाफ गेंदबाजी करते हुए बल्लेबाजों को क्रीज पर टिकने का मौका नहीं दिया। अपनी इस बेहतरीन गेंदबाजी से उन्होंने एक बार फिर भारतीय चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है, साथ ही टीम इंडिया में वापसी का दावा ठोका है।
बंगाल ने दिल्ली के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दिल्ली की पूरी टीम पहले ही दिन 240 रन पर ऑलआउट हो गई। दिल्ली की पारी समेटने में मोहम्मद शमी की भूमिका बेहद अहम रही। उन्होंने 17.3 ओवर गेंदबाजी की और 1.71 की इकॉनमी रेट से कुल 4 विकेट चटकाए। उनकी घातक गेंदबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने इस दौरान 9 मेडन ओवर भी फेंके।
मोहम्मद शमी के अलावा आमिर गनी ने 13 ओवर में 45 रन देकर 3 विकेट झटके। आकाश दीप ने 17 ओवर में 74 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। वहीं, मुकेश कुमार ने 17 ओवर में 43 रन देकर 1 विकेट लिया। इस दौरान उन्होंने एक मेडन ओवर भी फेंका।
बंगाल के खिलाफ दिल्ली की शुरुआत खराब रही। सनत सांगवान और यश धुल दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। सनत सांगवान 4 और यश धुल 9 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सार्थक रंजन और आयुष डोसेजा ने पारी को संभाला। सार्थक रंजन 33 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मोहम्मद शमी ने आयुष डोसेजा को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। आयुष 45 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
दिल्ली के कप्तान आयुष बदोनी भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 23 रन बनाकर आउट हो गए। अनुज रावत खाता भी नहीं खोल सके, जबकि देव लाकरा ने 18 रन बनाए। दिल्ली की ओर से ऋतिक शौकीन एकमात्र बल्लेबाज रहे, जिन्होंने अर्धशतक जड़ा। वह 56 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस अर्धशतकीय पारी के दौरान ऋतिक ने 3 चौके और 2 छक्के लगाए। दिविज मेहरा ने 24 और नवदीप सैनी ने 11 रन का योगदान दिया। वहीं, सिमरजीत सिंह 24 रन बनाकर नाबाद रहे।
Updated on:
11 Oct 2026 07:00 pm
Published on:
11 Oct 2026 06:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
