
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर(RCB) के नए गेंदबाजी कोच आशीष नेहरा अपने आप को कोच कहलाना पसंद नहीं करते। उनका मानना है कि उनका काम खिलाड़ियों के प्रबंधन से ज्यादा जुड़ा हुआ है। अपने नए रोल को लेकर उत्साहित नेहरा ने कहा कि बेंगलोर की नई टीम के पास पहले से अच्छा गेंदबाजी आक्रमण दिख रहा है जबकि विराट कोहली की कप्तानी वाली इस टीम की मजबूत बल्लेबाजी पहले जैसी ही है।
RCB के पास इस बार अच्छी गेंदबाजी भी है : नेहरा
कंप्यूटर तथा लैपटॉप बनाने वाली कंपनी HP, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर टीम को स्पोंसर करेगी। इसकी घोषणा के मौके पर आए नेहरा ने सोमवार को कहा, "इस बार हमारी टीम का संयोजन काफी अच्छा है,चाहे वो गेंदबाजी हो या बल्लेबाजी। गेंदबाजी में हमारे पास उमेश यादव, क्रिस वोक्स, मोइन अली, वॉशिंगटन सुंदर और युजवेंद्र चहल जैसे गेंदबाज हैं। सुंदर और चहल ने हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर काफी अच्छा किया है।"
नेहरा ने चिन्नास्वामी को बल्लेबाजी के लिए मददगार बताया
उन्होंने आगे कहा, "बेंगलोर में जितना मैंने खेला है, पिछले आईपीएल को छोड़कर पिच हमेशा बल्लेबाजों की मददगार होती है, लेकिन आप अच्छी गेंदबाजी कर मौके बना सकते हैं ।" उन्होंने कहा, "चिन्नास्वामी छोटा मैदान है जहां 180 का लक्ष्य भी सुरक्षित नहीं है। मेरा काम चहल, नवदीप सैनी जैसे खिलाड़ियों को अपना सुझाव देना है। उन्हें बताना है कि किस लाइन पर गेंदबाजी करनी है।"
अपने नए रोल पर बोले नेहरा
अपने नए रोल के बारे में पूछने पर नेहरा ने कहा, "मैं कोच कहलाना पसंद नहीं करूंगा। यह मेरे लिए ज्याद खिलाड़ियों के प्रबंधन का काम होगा। मैं इसके लिए पूरी तरह से तैयार हूं। मैं साथ में कुछ नई चीजें भी सीखूंगा।" पूर्व भारतीय गेंदबाज ने कहा, "यह मेरे लिए अलग तरह की मेहनत होगी, लेकिन एक बार फिर मैं क्रिकेट से जुड़ी चीज करूंगा। हमें गेंदबाजों की जरूरत है। बेंगलोर ने बल्लेबाजी में अच्छा किया है, लेकिन हमारे पास अच्छे गेंदबाज नहीं थे, तो जो थोड़ा बहुत अनुभव मेरे पास है, हो सकता है वो टीम के काम आ जाए।"
Published on:
26 Mar 2018 07:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
