
भारतीय क्रिकेटर नितीश कुमार रेड्डी। (Photo- IANS)
Aakash Chopra on Nitish Kumar Reddy: पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मशहूर क्रिकेट कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने नितीश कुमार रेड्डी को एशियन गेम्स 2026 से दूर रखे जाने को लेकर टीम इंडिया की रणनीति का खुलासा किया है। उनका मानना है कि नितीश कुमार रेड्डी को आगामी वनडे वर्ल्ड कप के लिए तैयार किया जा रहा है। यही वजह है कि उन्हें एशियन गेम्स की टीम से हटाकर वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
आकाश चोपड़ा के मुताबिक, अगर हार्दिक पांड्या किसी समय उपलब्ध नहीं होते हैं, तो भारत को ऐसे खिलाड़ी की जरूरत होगी, जो तेज गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी भी कर सके। नितीश कुमार रेड्डी इसी भूमिका के संभावित विकल्प हो सकते हैं।
‘जियो स्टार’ से बातचीत में आकाश चोपड़ा ने कहा, 'मेरे हिसाब से सबसे बड़ी खासियत नितीश कुमार रेड्डी को एशियन गेम्स से निकालकर यहां खिलाना है। अगर हार्दिक पांड्या किसी दिन उपलब्ध नहीं होते हैं, तो वे किसी ऐसे खिलाड़ी को चाहते हैं, जो तेज गेंदबाजी कर सके और बल्लेबाजी भी कर सके।'
आकाश चोपड़ा के मुताबिक, भारतीय वनडे टीम में ऑलराउंडरों की भूमिका अहम है। रवींद्र जडेजा की वापसी के साथ अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर भी टीम के विकल्प हैं। हालांकि, वनडे वर्ल्ड कप 2027 के नजरिए से इन सभी खिलाड़ियों का दक्षिण अफ्रीका जाना तय नहीं है। इसलिए हर खिलाड़ी के लिए मिले मौकों को दोनों हाथों से भुनाना जरूरी होगा।
आकाश चोपड़ा ने कहा कि भारतीय टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली की मौजूदगी महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी कर रहे हैं। रोहित शर्मा और विराट कोहली पर विश्वास जताते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें जब भी मौका मिलेगा, वे रन बनाएंगे, मैच जिताएंगे और संभवतः ट्रॉफी भी जिताएंगे। दोनों से उम्मीद है कि वे रन बनाते रहें।
गौरतलब है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय भारतीय टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली को शामिल किया गया है। शुभमन गिल इस टीम का नेतृत्व करेंगे, जबकि केएल राहुल उप-कप्तान होंगे।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम, दूसरा 30 सितंबर को गुवाहाटी और तीसरा मैच 3 अक्टूबर को चंडीगढ़ में खेला जाएगा।
Updated on:
19 Sept 2026 04:07 pm
Published on:
19 Sept 2026 03:42 pm
