
नई दिल्ली। पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच तीन 3 वनडे मैचों की सीरीज का पहला मैच खेला चुका है। इस मैच में इंग्लैंड की कामचलाऊ टीम ने पाकिस्तानी टीम को 9 विकेट से रौंद दिया। पाकिस्तानी टीम के इस तरह हारने के बाद पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर आग—बबूला हो गए। उन्होंने यह तक कह दिया कि पाकिस्तान में अब लोगों को क्रिकेट देखना बंद कर देना चाहिए।
बुरी तरह हारी पाकिस्तानी टीम
इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में पाकिस्तानी टीम ने पहले बल्लेबाजी की और तीनों ही डिर्पाटमेंट में बेहद खराब प्रदर्शन किया। पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 35.2 ओवर में ही 141 रनों पर ऑलआउट हो गई। जिसके बाद इंग्लैंड टीम ने यह लक्ष्य 21.5 ओवर में सिर्फ एक विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।
'पाकिस्तान की आवाम को अब क्रिकेट देखना बंद कर देना चाहिए'
शोएब अख्तर ने कहा, 'अब पाकिस्तान की टीम में पहले जैसे टेलैंटेड खिलाड़ी नहीं रहे। बाबर और फखर नहीं चलते तो पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और 150 रन भी नहीं बना सकी। बेहतर होगा अगर अब पाकिस्तान की आवाम क्रिकेट देखना बंद कर दें।'
'पीसीबी पर फोड़ा इस हालत का ठिकरा'
शोएब अख्तर ने पाकिस्तान टीम की ऐसी हालत का ठीकरा पीसीबी की खराब पॉलिसी पर फोड़ा है। पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा,'पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की गलत नीति के कारण टीम का ऐसा हाल हो गया है। पाकिस्तानी टीम में अब कोई भी ऐसा नहीं खिलाड़ी नहीं है जिसे लोग पैसा खर्च करके देखना चाहेंगे।'
'पाकिस्तान बेहद ही घटिया क्रिकेट खेल रहा है'
पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी रमीज राजा भी टीम की हार से काफी खफा हुए। उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान की टीम अब दुनिया की किसी भी मामूली टीम को बड़ा बनाकर पेश कर सकती है। इंग्लैंड बी टीम के आगे पाकिस्तान की टीम का ऐसा हाल हो गया। फिलहाल पाकिस्तान बेहद ही घटिया क्रिकेट खेल रहा है। बल्लेबाजों को यह तक पता नहीं चल रहा है कि कैसे शॉट लगाने हैं।'
ऐन वक्त पर चेंज हो गई थी इंग्लैंड की टीम
गौरतलब है कि पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से दो दिन पहले इंग्लैंड की लगभग पूरी टीम कोरोना वायरस की वजह से बदल दिया गया था। स्टोक्स की अगुवाई में हालांकि इंग्लैंड की टीम पहला मैच बड़े अंतर से जीतने में कामयाब रही है।
Published on:
9 Jul 2021, 7:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.