जयपुर। मुंबई के बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (prithvi shaw) पुड्डुचेरी के खिलाफ गुरुवार को यहां सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले जा रहे विजय हजारे ट्रॉफी (Vijay Hazare Trophy) के एलीट ग्रुप डी मैच में 200 रन बनाने के साथ ही 50 ओवर के क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने वाले भारत के आठवें बल्लेबाज बन गए। शॉ ने पुड्डुचेरी के खिलाफ 152 गेंदों में 227 रन बनाए। उन्होंने 31 चौके और पांच छक्के जड़े। खास बात यह रही कि पृथ्वी शॉ नॉटआउट रहे। मुंबई ने 4 विकेट के नुकसान पर पुड्डुचेरी के सामने 457 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य निर्धारित किया।