
वर्ल्ड कप 2023 के फ़ाइनल मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से हराते हुए छठी बार खिताब अपने नाम कर लिया। इसी के साथ करोड़ों हिदुस्तानियों का दिल टूट गया। वर्ल्ड कप फ़ाइनल जैसे बड़े मैच में ज़्यादातर टीमें दवाब से बचने के लिए टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करती हैं। लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने ऐसा नहीं किया। उनके कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी और सान को चौंका दिया।
कमिंस के इस फैसले से कई क्रिकेट पंडितों ने असहजता जताई थी। लेकिन उनका यह फैसला तुरुप का इक्का साबित हुआ और ऑस्ट्रेलिया ने एक आसान जीत हासिल की। कमिंस ने ऐसा क्यों किया इस बात का खुलासा भारतीय स्पिनर रविचन्द्र अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता और पूर्व कप्तान जॉर्ज बेली के माध्यम से किया है। अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि मैच के दौरान उन्होंने जॉर्ज बेली से बात की थी। तब उन्हें बेली ने जो बताया उसे सुनकर उनके होश उड़ गए।
अश्विन ने कहा, 'ऑस्ट्रेलिया ने मुझे पूरी तरह से चौंका दिया। मैं फ़ाइनल मैच के दौरान जॉर्ज बेली से बातचीत कर रहा था। मैंने उनसे पूछा कि इस मैच में आप लोग हमेशा की तरह पहले बल्लेबाजी क्यों नहीं कर रहे। इसपर उन्होंने जवाब दिया, हमने यहां बहुत बार आईपीएल और द्विपक्षीय सीरीज खेली हैं, लाल मिट्टी विघटित होती है लेकिन काली मिट्टी नहीं। लाल मिट्टी पर ओस का कोई प्रभाव नहीं पड़ता है। लेकिन काली मिट्टी दोपहर में अच्छा टर्न देती है और रात में लाइट्स के दौरान यह कंक्रीट बन जाती है और टर्न नहीं होता। यह हमारा अनुभव है।'
बेली का अनुभव और उनकी यह बात सुनकर अश्विन दंग रह गए। फ़ाइनल मैच में ठीक ऐसा ही हुआ। दिन के वक़्त गेंद अच्छा टर्न ले रहा था और पिच पर गेंद रुककर आ रही थी। इसके चलते बल्लेबाजी करने में दिक्कत हो रही थी और भारत के विकेट गिरते चले गए। वहीं जब ऑस्ट्रेलिया बल्लेबाजी करने आया तो रात हो चुकी थी और लाइट्स ऑन हो गई थी। गेंद ने टर्न लेना बंद कर दिया। जिसके बाद ट्रेवीस हेड ने भारतीय गेंदबाजों को जमकर धोया।
Updated on:
23 Nov 2023, 3:36 PM IST
Published on:
23 Nov 2023, 3:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.