
दुबई में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा मुंबई और कोच गौतम गंभीर दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे। जैसे ही दोनों एयरपोर्ट पर उतरे तो वहां पहले से ही मौजूद फैंस की भारी भीड़ ने उनका जोरदार स्वागत किया। मुंबई एयरपोर्ट पर रोहित शर्मा को भव्य स्वागत किया गया। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गंभीर का जोरदार स्वागत हुआ। हालांकि इस खुशी के मौके पर गंभीर ने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और वह गाड़ी में बैठकर सीधे निकल गए। बता दें कि भारत ने 12 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी को फिर से अपने नाम किया और फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर यह ऐतिहासिक जीत हासिल की।
चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन पाकिस्तान की मेजबानी में किया गया, लेकिन टूर्नामेंट के सभी मैच भारत ने दुबई में खेले। भारत के लिए यह ट्रॉफी जीतना इसलिए भी खास था, क्योंकि सेमीफाइनल में भारत ने इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को हराया था और फिर फाइनल में न्यूजीलैंड को मात दी। दोनों मैचों में भारतीय टीम ने बेहद शानदार प्रदर्शन किया और अपनी पूरी क्षमता से खेल दिखाया।
भारत की यह तीसरी चैंपियंस ट्रॉफी जीत है और इस बार की जीत को लेकर देशभर में खुशी का माहौल है। इससे पहले भारतीय टीम 2002 और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी की चैंपियन रह चुकी है। हालांकि साल 2002 में भारत और श्रीलंका को इस ट्रॉफी का संयुक्त विजेता घोषित किया गया था, क्योंकि उस दौरान फाइनल मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था।
भारतीय टीम के फैंस सोशल मीडिया पर लगातार इस शानदार जीत की बधाई दे रहे हैं। चैंपियंस ट्रॉफी के जीतने के साथ भारतीय क्रिकेट टीम ने यह साबित कर दिया है कि वह विश्व क्रिकेट में सबसे मजबूत टीमों में से एक है। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, जबकि कोच गौतम गंभीर ने टीम को सही दिशा और मार्गदर्शन दिया। इस जीत के साथ ही फैंस में खुशी की लहर दौड़ गई है और इस जीत को लेकर वे पूरे देश उत्साह का माहौल बना हुआ है।
Updated on:
11 Mar 2025, 7:53 AM IST
Published on:
11 Mar 2025, 7:53 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.