
Rohit sharma Injury India vs Bangladesh: बांग्लादेश के खिलाफ शेर-ए-बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मैच के दौरान भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के बाएं हाथ के अंगूठे में चोट लग गई थी। जिसके बाद उन्हें एक्स-रे के लिए अस्पताल भेजा गया था। अब खबर आई है कि रोहित शर्मा का बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेलना संदिग्ध हैं।
टेस्ट सीरीज में खेलना संदिग्ध -
मैच के बाद कोच राहुल द्रविड़ ने कहा कि वह विशेषज्ञों से सलाह लेने के लिए स्वदेश लौट रहे हैं। द्रविड़ ने यह भी बताया कि हिटमैन समेत तेज गेंदबाज दीपक चाहर और कुलदीप सेन चोट के कारण तीसरे वनडे से बाहर हो गए हैं। वहीं, रोहित शर्मा ने मैच के बाद कहा, 'अंगूठे की चोट बड़ी नहीं है। सौभाग्य से फ्रैक्चर नहीं है, इसलिए मैं बल्लेबाजी करने में सक्षम था।' द्रविड़ ने कहा कि उन्हें यकीन नहीं है कि रोहित 14 दिसंबर से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज खेल पाएंगे या नहीं।
द्रविड़ ने क्या कहा -
हेड कोच ने कहा, 'रोहित, कुलदीप और दीपक तीसरे वनडे मैच से बाहर हो गए हैं। रोहित वापस मुंबई के लिए उड़ान भरेंगे और एक विशेषज्ञ से सलाह लेंगे और देखेंगे कि चोट कैसी है। हम यह कहने की स्थिति में नहीं हैं कि वह टेस्ट सीरीज में खेलेंगे या नहीं।' अगर रोहित की चोट गहरी हुई तो उन्हें नेट्स पर फिर से बल्लेबाजी शुरू करने में तीन से चार हफ्ते लगेंगे।
चोटिल होने के बावजूद लगाया तूफानी अर्धशतक
उनकी अनुपस्थिति में, उप-कप्तान और विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल ने कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली थी। हालांकि अंगूठे की चोट के बावजूद रोहित ने अपनी टीम को जिताने के लिए एड़ी चोटी का ज़ोर लगा दिया। रोहित ने 9वे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंद पर पांच सिक्स और तीन चौके की मदद से नाबाद 51 रन बनाए। लेकिन वे भारत को यह मैच जीता नहीं पाये।
रोहित को कैसे लगी चोट
रोहित को दूसरे ओवर में तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की गेंद पर अनामुल हक का दूसरी स्लिप में कैच लेने के प्रयास में चोट लग गई। सिराज ने आफ स्टंप के बाहर लेंथ गेंद डाली और हक ने बिना किसी फुटवर्क के गलियारे में अपना बल्ला लटका दिया। गेंद रोहित के पास गई, जो दोनों हाथों से उसे पकड़ने की कोशिश के बावजूद गेंद को पकड़ नहीं सके। गेंद उनके अंगूठे पर लगी और वे इलाज के लिए तुरंत मैदान से बाहर चले गए।
Updated on:
8 Dec 2022, 12:20 PM IST
Published on:
8 Dec 2022, 11:57 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.