
वर्ल्ड कप 2023 का खिताबी मुकाबला 19 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पांच बार की विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और दो बार की विश्व विजेता भारत के बीच खेला जाएगा। इस महामुकाबले का दुनिया भर के क्रिकेट फैंस को बेसब्री से इंतजार है। इसी बीच साउथ अफ्रीका के कोच रॉब वाल्टर ने विश्व चैंपियन बनने वाली टीम की भविष्यवाणी भी कर दी है। सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका की हार के बाद रॉब वाल्टर ने कहा है कि टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ टीम भारत के लिए खिताब जीतने का ये समय है। हालांकि वह खुद इस फाइनल को नहीं देखेंगे।
साउथ अफ्रीका के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीकी टीम को ऑस्ट्रेलिया खिलाफ मिली हार के बाद कहा कि ईमानदारी से बताएं तो इसकी एक प्रतिशत ही संभावना है कि वह फाइनल देखें। अपनी टीम की हार से हताश वाल्टर ने कहा कि इससे भी अधिक ईमानदारी से कहूं तो मुझे वास्तव में कोई परवाह नहीं।
वाल्टर आगे कहा कि भारत के लिए घरेलू मैदान पर खिताब जीतना उचित रहेगा। उन्होंने कहा जाहिर तौर पर वर्ल्ड कप 2023 भारत में खेला जा रहा है तो मेजबान देश के लिए ये हमेशा अच्छा ही होता है कि वह खिताब जीते। उन्होंने कहा कि यहां के माहौल को देखकर लगता है कि भारत का विश्व चैंपियन बनना उचित होगा।
ऑस्ट्रेलिया के हाथों दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में हार और चोकर्स को लेकर उन्होंने कहा कि 'चोकर्स' का मतलब मेरे नजरिए से उस मैच से है, जिसे आप जीत की स्थिति में होने पर भी हार जाते हैं। लेकिन, इस मैच में ऐसा कुछ नहीं था। हम शुरुआत से ही पीछे थे। हमने वास्तव में अच्छी वापसी की। अगर 30 या 40 रन और बनाए होते तो मैच का नतीजा अलग होता।
Published on:
17 Nov 2023, 3:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.