
जसप्रीत बुमराह (फोटो- IANS)
Sunil Gavaskar on Team India FTP: भारतीय क्रिकेट टीम पिछले कुछ सालों से लगातार क्रिकेट मैच खेल रही है और कभी-कभी तो ऐसा होता है कि सीरीज खत्म होने के एक सप्ताह के भीतर दूसरी सीरीज शुरू हो जाती है, जिससे खिलाड़ियों की चोट भी बढ़ने लगी है। इस पर टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने BCCI और ICC से अपील की है कि अगला FTP बनाते वक्त इन चीजों का ख्याल रखें कि भारतीय क्रिकेटर्स को गन्ने की तरह न निचोड़ा जाए और बिजी शेड्यूल में थोड़ी सी ढील दी जाए।
गावस्कर का मानना है कि इंटरनेशनल क्रिकेट की वजह से घरेलू क्रिकेट को नजरअंदाज किया जा रहा है, जो भारत के टैलेंट का पाइपलाइन माना जाता है और इसको बड़ा नुकसान हो सकता है। टीम इंडिया के खिलाड़ियों की वर्कलोड और बढ़ रही चोट की चिंताओं के बीच गावस्कर ने यह बात कही। इसके अलावा उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि 2027 से शुरू होने वाले 4 साल के अगले साइकिल के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट कैलेंडर बनने पर जब ICC की बैठक होगी तो जो फैसला लेंगे, उन्हें एहसास होगा कि भारतीय क्रिकेटर ना तो मशीन हैं और ना ही गन्ने हैं, जिन्हें हर एक बूंद निचोड़ लिया जाए।
उन्होंने कहा कि भारत के बेंच स्ट्रेंथ को बहुत मजबूत माना जाता है। कहा जाता है कि वह तीन टीम एक साथ उतार सकते हैं, लेकिन यह दुनिया के सामने दावा करने के लिए अच्छा है। लेकिन हकीकत तो यह है कि भारत की एक भी टीम ज्यादा ट्रॉफी जीतने लायक नहीं है। एशियाई गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर उत्साह जरूर भर जाएगा, लेकिन अगर घरेलू क्रिकेट को प्राथमिकता नहीं दी जाती है तो उस पाइपलाइन से ऐसे खिलाड़ी नहीं निकलेंगे, जो दुनिया को हरा सके।
आपको बता दें कि भारतीय टीम 2011 के बाद वनडे वर्ल्ड कप जीतने के लिए तरस रही है। इस दौरान टीम इंडिया ने 2024 और 2026 में लगातार दो T20 वर्ल्ड कप का खिताब जरूर जीता है और एक चैंपियंस ट्रॉफी की भी ट्रॉफी उठाई है, लेकिन टेस्ट में टीम इंडिया का प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा है। 2021 के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड ने मात दी, तो वहीं 2023 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने हराया। आलम यह रहा कि 2025 के फाइनल तक भारतीय टीम खिताबी मुकाबले के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर पाई और अब 2027 के फाइनल से फाइनल भी भारतीय टीम से दूर नजर आ रहा है।
Updated on:
11 Sept 2026 12:28 pm
Published on:
11 Sept 2026 12:28 pm
