
Cheteshwar Pujara banned Country championship: काउंटी चैंपियनशिप के डिवीजन II में अपना जलवा बिखेर रहे भारतीय दिग्गज बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा को अब एक बहुत बड़ा झटका लगा है। उनपर इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने एक मैच का बैन लगाया है। पुजारा ससेक्स टीम के कप्तान हैं और ससेक्स पर काउंटी चैम्पियनशिप में लीस्टरशर के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप है। जिसके चलते टीम पर 12 अंकों का जुर्माना लगाया गया है।
ससेक्स पर इस सीजन चार बार फिक्स्ड पेनल्टी लगी है। नियम के मुताबिक पेनल्टी की सीमा तक पहुंचने के बाद टीम के कप्तान को एक मैच का बैन झेलना पड़ता है। यह व्यावसायिक आचरण के लिए ईसीबी द्वारा स्थापित नियमों के अनुरूप आया है। इस तरह से पुजारा डर्बीशायर के खिलाफ इस सप्ताह होने वाले मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे। ससेक्स ने तीन खिलाड़ियों जैक कार्सन, टॉम हैन्स और एरी कारवेलस को उनके खराब व्यवहार के कारण टीम से बाहर करने का फैसला किया है।
पांच अंकों की पेनल्टी के कारण काउंटी चैंपियनशिप के इस सीजन में ससेक्स काउंटी क्रिकेट क्लब तीसरे से पांचवें स्थान पर खिसक गया है और वर्तमान में उसके 124 अंक हैं। ससेक्स के मुख्य कोच पॉल फारब्रेस ने कहा कि इन 3 खिलाड़ियों के व्यवहार के कारण टीम की पिछले सप्ताह लीस्टरशायर के खिलाफ दर्ज की गई 15 रन की जीत का रंग फीका पड़ गया और टीम को अगले मैच से पुजारा की सेवाओं से वंचित कर दिया।
उन्होंने कहा, 'इन खिलाड़ियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना आवश्यक था। अनुशासनहीनता किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं की जाएग। इसका खामियाजा हमे चेतेश्वर की अनुपस्थिति के रूप में भुगतना पड़ेगा और हमें 12 अंकों का नुकसान भी हुआ।'
कप्तान पुजारा को नियमों के अनुसार निलंबन मिलेगा और ससेक्स ने इसे चुनौती दिए बिना स्वीकार कर लिया है। निलंबन से संबंधित ऑन-फील्ड घटनाओं में टॉम हैन्स, जैक कार्सन और एरी कारवेलस जैसे खिलाड़ी शामिल थे, जिन्हें डर्बीशायर के खिलाफ उनके अगले गेम के लिए नहीं चुना गया था। अपने बयान में ससेक्स ने कहा था, "टॉम हैन्स और जैक कार्सन को पिछले मैच में उनके आचरण के कारण टीम से बाहर रखा गया था।"
Published on:
19 Sep 2023, 3:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.