नई दिल्ली : कोरोना वायरस (Coronavirus) महामारी के कारण मार्च से ही क्रिकेट मैदान से क्रिकेट खिलाड़ी दूर हैं और वह अपने घरों में वक्त बिता रहे हैं। इस दौरान उमेश यादव (Umesh Yadav) ने एक मीडिया से बात करते हुए बताया कि लॉकडाउन (Lockdown in india) के बाद जब भारतीय खिलाड़ी, खास कर तेज गेंदबाज (Fast Bowler) मैदान पर वापसी करेंगे तो उनके साथ क्या परेशानी आएगी। उमेश यादव का मानना है कि जितना देर होगा, वापसी उतनी मुश्किल होगी और टीम इंडिया (Team India) का कोई खिलाड़ी अभी तक आउटडोर अभ्यास (Outdoor Practice) के लिए नहीं उतरा है। इसलिए वह जल्दी-से जल्दी वापसी चाहते हैं। उनके लिए लार पर प्रतिबंध (Ban on saliva) से बड़ा मसला अभ्यास पर लौटना है। इसके अलावा वह चाहते हैं कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) भी खेला जाए, ताकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उतरने से पहले पूरी तरह प्रशिक्षण हो जाए। इसके अलावा उन्होंने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) और मौजूदा कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) की कप्तानी में अंतर भी बताया।