
Virat Kohli India vs England Test series: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जाने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में अब ज्यादा वक़्त नहीं बचा है। इस सीरीज का पहला मुक़ाबला 25 जनवरी से हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच से पहले भारतीय टीम को एक बहुत बड़ा झटका लगा है। पूर्व कप्तान विराट कोहली इस सीरीज के पहले दो मुक़ाबले से बाहर हो गए हैं।
कोहली निजी कारणों के चलते इस सीरीज के पहले दो मुक़ाबले नहीं खेलेंगे। इस बात की जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दी है। बीसीसीआई ने कहा, 'विराट कोहली ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए बीसीसीआई से इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के पहले दो टेस्ट से हटने का अनुरोध किया है। विराट ने कप्तान रोहित शर्मा, टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं से बात की है। कोहली ने इस बात पर जोर दिया है कि देश का प्रतिनिधित्व करना हमेशा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।'
भारतीय बोर्ड ने आगे कहा, 'बीसीसीआई उनके फैसले का सम्मान करता है. बोर्ड और टीम प्रबंधन ने स्टार बल्लेबाज को अपना समर्थन दिया है और टीम के बाकी सदस्यों से टेस्ट सीरीज में सराहनीय प्रदर्शन करने का पूरा भरोसा है। बीसीसीआई मीडिया और प्रशंसकों से अनुरोध करता है कि वे विराट कोहली की प्राइवेसी का सम्मान करें और उनके व्यक्तिगत कारणों की प्रकृति पर अटकलें ना लगाएं। आगामी टेस्ट सीरीज में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। जल्द ही विराट के रिप्लेसमेंट का ऐलान किया जाएगा।
25 जनवरी को हैदराबाद में पहले मैच के बाद, भारत और इंग्लैंड सीरीज के अन्य मैच विशाखापत्तनम (2-6 फरवरी), राजकोट (15-19 फरवरी), रांची (23-27 फरवरी) और धर्मशाला (7-11 मार्च) में खेलेंगे।
Updated on:
22 Jan 2024, 3:28 PM IST
Published on:
22 Jan 2024, 3:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.