
अपनी आलोचना नहीं झेल पाए कोहली, फैन को दे डाली देश छोड़ने की धमकी
नई दिल्ली। भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली अपने गरम मिजाज के लिए जाने जाते हैं। क्रिकेट के मैदान पर तो हमने उन्हें कई खिलाड़ियों से उलझते देखा है लेकिन कोहली इस बार मैदान के बाहर एक फैन से उलझ गए और गुस्से में कुछ ऐसा बोल गए जो उन्हें नहीं बोलना चाहिए था। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एक भारतीय क्रिकेट फैन ने कोहली को कहा कि उन्हें भारतीय खिलाड़ियों से ज्यादा विदेशी खिलाड़ी पसंद हैं और उन्हें कोहली की बल्लेबाजी से ज्यादा अच्छी बल्लेबाजी ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बल्लेबाजों की लगती है। इस बात पर कोहली नाराज़ हो गए और उस फैन को देश छोड़ कहीं और चले जाने की बात कह डाली।
कोहली का बेतुका बयान -
एक वीडियो में कोहली इस फैन को जवाब देते दिख रहे हैं। इस फैन ने लिखा था " वो एक ओवररेटेड बल्लेबाज हैं। उनकी बल्लेबाजी में कुछ अलग या खास नहीं है। मैं भारतीय बल्लेबाजों के मुकाबले इंग्लिश और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को बल्लेबाजी करते देखना ज्यादा पसंद करता हूं।" इस पर विराट ने जवाब दिया " मुझे नहीं लगता तुम्हें भारत में रहना चाहिए, जाओ कहीं और जाकर रहो। तुम क्यों हमारे देश में रह रहे हो और किसी और देश को पसंद कर रहे हो।" आगे कोहली ने कहा "मुझे कोई दिक्कत नहीं कि तुम्हें मैं पसंद नहीं हूं लेकिन मुझे नहीं लगता इस देश में रहकर तुम किसी और को पसंद करो। अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करें।"
मौजूदा समय में विराट कोहली दुनिया के सबसे सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं। लेकिन उनका यह बयान भारतीय क्रिकेट फैन्स को निराश करने वाला है। क्योंकि रह व्यक्ति अपनी पसंद होती है, एेसे में उस फैन को देश छोड़ कर जाने के लिए बोलना किसी भी मायने में सही नहीं ठहराया जा सकता है। एेसे बयान कोहली जैसे महान खिलाड़ी को शोभा नहीं देता।
Published on:
7 Nov 2018, 12:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.