नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना इस समय इंग्लैंड में विमेंस क्रिकेट सुपर लीग 2018 में जबरदस्त बल्लेबाजी कर रहीं हैं। उन्होंने हाल ही में महिला क्रिकेट में सबसे तेज पचास रनों का रिकॉर्ड बनाया था। इसके बाद उन्होंने अपना पहला T20 शतक भी जड़ दिया है। अभी तक उन्होंने इंग्लिश T20 लीग के 5 मैच खेले हैं जिसमे उनकी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की बदौलत उनकी टीम को 4 मैचों में जीत मिली है। उनकी सबसे छोटी इनिंग अभी तक 37 रनों की रही है। मंधाना ने 5 मैचों में 94 की औसत से 282 रन बनाए हैं। यह रन उन्होंने 190 की स्ट्राइक रेट से 16 छक्कों और 29 चौकों के साथ बनाए हैं। उनकी टीम वेस्टर्न स्टॉर्म पिछली बार की विजेता है और इस बार उनकी बदौलत टीम 5 में से 4 मैच जीत चुकी है। आइए उनकी पांचों इनिंग पर एक नजर डालते हैं।