
केएल राहुल बोले- नहाने के बाद सीधा क्रीज पर आते ही घबरा गया था।
वर्ल्ड कप 2023 के अपने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम 2 रन पर तीन विकेट गंवाकर पूरी तरह से लड़खड़ा गई थी। जब केएल राहुल क्रीज पर विराट कोहली के साथ देने आए तो एमए चिदंबरम स्टेडियम में मौजूद हर फैन खामोश था और भारत का स्कोर बोर्ड देखकर मायूस भी था। वहां से भारत का जीतना लगभग नामुमकिन लगने लगा, लेकिन कोहली और राहुल ने पारी को संभाला और एक ऐसी स्क्रिप्ट लिखी, जिसकी उम्मीद शायद ऑस्ट्रेलियाई टीम को नहीं थी। इस मैच के हीरो केएल राहुल ने अपनी मैच विनिंग पारी को लेकर कहा कि नहाने के बाद सीधा क्रीज पर आते ही वह घबरा गए थे, लेकिन कोहली की सीख उनके बहुत काम आई।
भारत के स्कोर-बोर्ड पर दो ओवरों में तीन विकेट से दर्शकों के चेहरों पर चिंता साफ झलक रही थी। 2017 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के शुरुआती पतन के अलावा 2019 विश्व कप सेमीफाइनल में 5-3 का फ्लैशबैक तब सबके जहन में ताजा हो गया। ऐसा महसूस हुआ कि भारत की हार तय है। पहली बार शीर्ष चार में से तीन बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए और इस तरह की बेहद खराब शुरुआत के बाद कोई भी टीम कभी नहीं जीत पाई।
शतक से चूके, लेकिन रच दिया इतिहास
200 रनों का लक्ष्य माउंट एवरेस्ट जितना विशाल लग रहा था। तब दो भारतीय बल्लेबाजों ने कुछ ऐसा किया, जिससे गर्मी और उमस से जूझ रहे प्रशंसकों को अपनी आवाज और उम्मीद वापस मिली। धीरे-धीरे विराट-राहुल ने भारतीय पारी को संभाला और उसके बाद रनों की रफ्तार भी बढ़ाई। हालांकि, विराट और राहुल शतक से चूक गए, लेकिन उनकी यह पारी भारतीय क्रिकेट इतिहास में सुनहरे पन्नों में लिखी जाएगी।
यह भी पढ़ें : अश्विन ने एक ही जगह पर खड़े होकर देखी भारत की बल्लेबाजी
कोहली ने दी टेस्ट की तरह बल्लेबाजी की सलाह
केएल राहुल ने अपनी इस पारी को लेकर कहा है कि मैं नहाने के बाद सीधा क्रीज पर आ गया। भारतीय बल्लेबाजी शुरू होने के बाद मैंने सोचा कि मुझे कुछ घंटे का अच्छा समय मिलेगा, लेकिन ऐसा हुआ नहीं और मुझे कुछ मिनटों में ही क्रीज पर उतरना पड़ा। इसलिए थोड़ी घबराहट थी। उन्होंने कहा कि कोहली ने उन्हें टेस्ट मैच की तरह बल्लेबाजी करने की सलाह दी थी, जिसका उन्हें और पूरी टीम को फायदा मिला।
यह भी पढ़ें : वर्ल्ड कप कवर कर रही पाकिस्तान की इस खूबसूरत एंकर को भारत से भगाया, जानें क्यों
Published on:
09 Oct 2023 04:36 pm
