scriptWorld Cup 2019 : भारत ने श्रीलंका को सात विकेट से हराया, रोहित शर्मा ने रचा कीर्तिमान | World Cup cricket India vs Sri lanka live match updates | Patrika News

World Cup 2019 : भारत ने श्रीलंका को सात विकेट से हराया, रोहित शर्मा ने रचा कीर्तिमान

locationनई दिल्लीPublished: Jul 07, 2019 09:57:16 am

Submitted by:

Mazkoor

World Cup 2019 में रोहित शर्मा ने लगाया पांच शतक
ऐसा करने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज बनें रोहित

India Won

लीड्स : आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 (icc cricket World Cup 2019) में श्रीलंका (Sri lanka cricket team) ने भारत (Indian cricket team) के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 264 रन बनाकर जीत के लिए 265 रनों का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में रोहित शर्मा (103) और केएल राहुल (111) के शतक की बदौलत महज तीन विकेट खोकर भारत ने 43.3 ओवर में यह लक्ष्य को हासिल कर लिया। इन दोनों के अलावा विराट कोहली ने नाबाद 34 रन की पारी खेली।

श्रीलंका की ओर से लसिथ मलिंगा, कसुन रजिता और इसुरू उदाना को एक-एक विकेट मिला।

रोहित शर्मा ने अपनी पारी के दौरान बनाए कई कीर्तिमान

भारत की जीत में रोहित शर्मा और केएल राहुल का जबरदस्त योगदान रहा। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 30.1 ओवर में 189 रन की साझेदारी कर भारत को जीत की राह पर डाल दिया। इस पारी के दौरान रोहित शर्मा ने कई कीर्तिमान बनाए। यह उनका 27वां एकदिवसीय शतक था। इस विश्व कप में उन्होंने पांचवां शतक लगाया। इस तरह किसी एक विश्व कप में सर्वाधिक शतक लगाने का उन्होंने रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका के कुमार संगकारा के नाम था। उन्होंने विश्व कप में चार शतक लगाए थे। इसके अलावा रोहित किसी विश्व कप में लगातार तीन शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने। संगकारा विश्व कप में लगातार चार शतक लगा चुके हैं। इतना ही नहीं दो विश्व कप की 16 पारियों में रोहित का यह छठा शतक है। ऐसा करने वाले वह दूसरे बल्लेबाज हैं। यह रिकॉर्ड पहले अकेले सचिन तेंदुलकर के नाम था। उन्होंने भी विश्व कप में छह शतक लगाए हैं। हालांकि ऐसा उन्होंने छह विश्व कप की 44 पारियों में किया है।

मैथ्यूज और थिरिमाने ने श्रीलंका को पहुंचाया सम्मानजनक स्कोर तक

श्रीलंका के शुरुआती चार विकेट 55 रन पर गिर गए थे। यहां से एंजेलो मैथ्यूज (113) और लाहिरू थिरिमाने (53) ने शानदार पारियां खेलकर श्रीलंका को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। लेकिन श्रीलंका का और कोई बल्लेबाज इन दोनों का साथ नहीं दे सका। इसके बावजूद इन दोनों की बेहतरीन पारियों की बदौलत श्रीलंका निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 264 रन के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंच गया।
भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार, हार्दिक पांड्या, रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला।

लाइव अपडेट

भारत की पारी

– इसके बाद कप्तान विराट कोहली के साथ मिलकर क्रीज पर आए नए बल्लेबाज हार्दिक पांड्या ने भारत का जीत दिला दी।

– भारत का तीसरा विकेट गिरा। पंत भी आउट। नए बल्लेबाज हार्दिक पांड्या क्रीज पर। भारत जीत से 12 रन दूर।

– शतक लगाने के बाद राहुल आउट। उन्होंने 118 गेंद की पारी में 11 चौके और एक सिक्स लगाया। भारत जीत के करीब। नए बल्लेबाज ऋषभ पंत ने मैदान में रखा कदम। भारत का स्कोर 41 ओवर में दो विकेट पर 244 रन।

– राहुल ने विश्व कप में लगाया अपना पहला शतक। भारत का स्कोर भारत का स्कोर 39 ओवर में एक विकेट पर 230 रन।

– शतक लगाकर रोहित शर्मा आउट। नए बल्लेबाज विराट कोहली ने क्रीज पर रखा कदम। रोहित ने 94 गेंद की पारी में 14 चौके और दो छक्के लगाए। भारत का स्कोर 31 ओवर में एक विकेट पर 194 रन। लोकेश राहुल 81 रन बनाकर खेल रहे हैं।

– इसी के साथ रोहित शर्मा विश्व कप में छह शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने। उनसे पहले सिर्फ सचिन तेंदुलकर ही ऐसा कर सके हैं। इसी के साथ वह सबसे कम पारियों में विश्व कप में छह शतक लगाने वाले बल्लेबाज बनें। रोहित ने मात्र दो विश्व कप की 16 पारियों में छह शतक लगाए, जबकि सचिन तेंदुलकर ने इसके लिए छह विश्व कप की 44 पारियां खेली थी।

– रोहित शर्मा ने इस विश्व कप में अपना पांचवां शतक लगाया और लगातार तीसरा। इसी के साथ उन्होंने श्रीलंका के कुमार संगकारा के एक विश्व कप में सर्वाधिक शतक लगाने का रिकॉड तोड़ा। इतना ही नहीं, विश्व कप में लगातार तीन शतक लगाने वाले वह दूसरे खिलाड़ी बने। कुमार संगकारा ने 2015 में अपने चारों शतक लगातार लगाए थे।

– रोहित शर्मा और केएल राहुल ने बिना पृथक हुए डेढ़ सौ रन की साझेदारी कर दी। इसी के साथ भारत का स्कोर 25 ओवर में बिना किसी नुकसान के 152 रन। रोहित- 81, राहुल- 68 रन पर।

– रोहित शर्मा के बाद केएल राहुल ने भी अर्धशतक जमाया। भारत का स्कोर 23 ओवर में बिना नुकसान के 137 रन। रोहित- 75, राहुल- 60 रन पर।

– रोहित शर्मा के अर्धशतक के बाद केएल राहुल अर्धशतक की तरफ बढ़ रहे हैं। इस बीच 19वें ओवर में बिना किसी नुकसान के भारत के सौ रन पूरे हो गए। रोहित- 61, राहुल- 41 रन पर।

– इस विश्व कप में बांग्लादेश के शाकिब अल हसन के बाद रोहित शर्मा दूसरे ऐसे बल्लेबाज बने, जिन्होंने 600 से ज्यादा रन बनाए। विश्वव कप के इतिहास में ऐसा करने वाले वह चौथे बल्लेबाज हैं।

600 रन बनाने वाले बल्लेबाज

सचिन तेंदुलकर, 673 रन, 2003 विश्व कप
मैथ्यू हेडन, 659 रन, 2007 विश्व कप
शाकिब अल हसन, 606 रन, 2019 विश्व कप
रोहित शर्मा, 603* रन, 2019 विश्व कप

– रोहित और राहुल ने तेजी से खेलना जारी रखा है। इस बीच रोहित शर्मा ने अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 51 गेंदों पर आठ चौके और दो सिक्स लगाए। भारत का स्कोर 17 ओवर में बिना किसी नुकसान के 97 रन। रोहित- 59, राहुल- 37 रन पर।

– केएल राहुल और रोहित शर्मा ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई है। पहले सात ओवर में ही भारत का स्कोर 50 रन पार कर गया। रोहित- 29, राहुल- 21 रन पर।

– भारत की पारी शुरू। रोहित शर्मा और केएल राहुल बल्लेबाजी करने आए

श्रीलंका की पारी

– आखिरी ओवर में लगातार दो वाइड फेंकने के बाद भुवनेश्वर कुमार ने थिसारा परेरा को आउट किया। श्रीलंका का सातवां विकेट गिरा। बल्लेबाजी करने इसुरु उदाना आए। इस तरह श्रीलंका ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट पर 264 रन बनाए।

– एंजेलो मैथ्यूज शानदार शतकीय पारी खेलकर बुमराह की गेंद पर आउट। उन्होंने 128 गेंद पर 10 चौके और दो छक्के की मदद से 113 रन बनाए।

– 48 ओवर में श्रीलंकाई पारी के 250 रन पूरे। मैथ्यूज शतक बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

– एंजेलो मैथ्यूज का शतक। श्रीलंका का स्कोर 44 ओवर में पांच विकेट पर 227 रन।

– 40 ओवर में श्रीलंका के पांच विकेट पर 200 रन। एंजेलो मैथ्यूज भी अपने शतक की तरफ बढ़ रहे हैं। वह 85 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

– कुलदीप यादव ने भारत को पांचवीं कामयाबी दिलाई। उन्होंने अर्धशतक बनाकर खेल रहे थिरिमाने को 53 रन पर आउट कर पैवेलियन भेजा। नए बल्लेबाज धनंजय डी सिल्वा आए। श्रीलंका का स्कोर 39 ओवर में पांच विकेट पर 182 रन। मैथ्यूज 70 रन बनाकर खेल रहे हैं।

– मैथ्यूज के बाद लाहिरू थिरिमाने भी लगाया अर्धशतक। श्रीलंका का स्कोर 36 ओवर में चार विकेट पर 169 रन। मैथ्यूज- 61, थिरिमाने- 52 रन पर।

– 35वें ओवर में श्रीलंका के 150 रन पूरे। एंजेलो मैथ्यूज अर्धशतक बनाकर खेल रहे हैं, जबकि थिरिमाने भी अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। इस बीच इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी पूरी की। श्रीलंका का स्कोर 35 ओवर में चार विकेट पर 159 रन। मैथ्यूज- 57, थिरिमाने- 47 रन पर।

– एंजेलो मैथ्यूज और थिरिमाने का संघर्ष जारी है। मैथ्यूज ने जहां अपना अर्धशतक पूरा किया तो वहीं, थिरिमाने भी अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। श्रीलंका का स्कोर 33 ओवर में चार विकेट पर 144 रन। मैथ्यूज- 50, थिरिमाने- 39 रन पर।

– एंजेलो मैथ्यूज अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। इस बीच थिरिमाने के साथ वह श्रीलंकाई पारी को संभालने में भी जुटे हैं। श्रीलंका का स्कोर 31 ओवर में चार विकेट पर 134 रन। मैथ्यूज- 47, थिरिमाने- 32 रन पर।

– एंजेलो मैथ्यूज और लाहिरू थिरिमाने श्रीलंका की पारी संभालने में जुटे हैं। इन दोनों ने संभलकर खेलते हुए 24 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर श्रीलंकाई पारी को 100 रन पहुंचाया। मैथ्यूज- 25, थिरिमाने- 21 रन पर।

– जल्दी-जल्दी श्रीलंका के चार विकेट गिर जाने के बाद एंजेलो मैथ्यूज और लाहिरू थिरिमाने श्रीलंका की पारी संभालने में जुटे हैं। श्रीलंका ने 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 83 रन बना लिए हैं। मैथ्यूज- 19, थिरिमाने- 10 रन पर।

– श्रीलंका के विकेट धड़ाधड़ गिर रहे हैं। चौथे बल्लेबाज के रूप में अविष्का फर्नांडो आउट हुए। उन्हें हार्दिक पांड्या ने पैवेलियन भेजा। नए बल्लेबाज लाहिरू थिरिमाने क्रीज पर। श्रीलंका का स्कोर 12 ओवर में चार विकेट पर 55 रन।

– श्रीलंकाई पारी के पचास रन पूरे होने के तुरत बाद कुशल मेंडिस तीन रन पर आउट होकर पैवेलियन लौटे। उन्हें रविंद्र जडेजा ने महेंद्र सिंह धोनी के हाथों आउट कराया। नए बल्लेबाज एंजेलो मैथ्यूज क्रीज पर आए। श्रीलंका का स्कोर 11 ओवर में तीन विकेट पर 54 रन।

– श्रीलंका ने नवें ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 50 रन पूरे किए।

– कुशल परेरा भी आउट। इन्हें भी जसप्रीत बुमराह ने शिकार बनाया। परेरा ने 14 गेंद पर तीन चौके की मदद से 18 रन बनाए। नए बल्लेबाज कुशल मेंडिस क्रीज पर आए। श्रीलंका का स्कोर आठ ओवर में दो विकेट पर 49 रन।

– इसी के साथ जसप्रीत बुमराह के एकदिवसीय क्रिकेट में 100 विकेट लिए। वह सबसे कम मैचों में 100 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज हैं। इस लिस्ट में सबसे ऊपर मोहम्मद शमी का नाम है।

ये हैं सबसे कम मैचों में 100 विकेट लेने वाले भारत के पांच गेंदबाज
मोहम्मद शमी, 56 मैच
जसप्रीत बुमराह, 57 मैच
इरफान पठान, 59 मैच
जहीर खान, 65 मैच
अजीत अगरकर, 67 मैच

– करुणारत्ने को जसप्रीत बुमराह ने आउट कर श्रीलंका को पहला झटका दिया। नए बल्लेबाज अविष्का फर्नांडो क्रीज पर। श्रीलंका का स्कोर 4 ओवर में एक विकेट पर 17 रन।

– श्रीलंका की टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी। कप्तान दिमुख करुणारत्ने और कुशल परेरा क्रीज पर।

– श्रीलंका ने टॉस जीतकर ली पहले बल्लेबाजी।

 

वर्ल्ड कप 2019: इमरान ताहिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेंगे करियर का आखिरी मैच, 2011 में किया था डेब्यू

भारत ने दो और श्रीलंका ने किया एक बदलाव

इस मैच के लिए भारत ने दो तो श्रीलंका ने एक बदलाव किया है। टीम इंडिया ने युजवेंद्र चहल की जगह कुलदीप यादव और मोहम्मद शमी की जगह रविंद्र जडेजा को अंतिम एकादश में मौका दिया है। वहीं श्रीलंका ने अपनी टीम में एक बदलाव किया है। उसने जैफरी वेंडरसे की जगह थिसारा परेरा को खेलाया है।

दोनों टीमें :

भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रविंद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह।

श्रीलंका : दिमुथ करुणारत्ने (कप्तान), कुशल परेरा (विकेटकीपर), अविष्का फर्नांडो, कुशल मेंडिस, एंजेलो मैथ्यूज, लाहिरू थिरिमाने, धनंजय डी सिल्वा, इसुरु उदाना, थिसारा परेरा, कासुन रचिथा और लसिथ मलिंगा।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो