
Womens Premier League 2023: विमेंस प्रीमियर लीग (WPL 2023) के पहले सीजन का आगाज 4 मार्च से होने जा रहा है। इस लीग का पहला मुक़ाबला मुंबई इंडियंस और गुजरात जाएंट्स के बीच मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा। इससे पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट के ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन करेगा। इसमें बॉलीवुड की कई ग्लैमरस अभिनेत्री दिखेंगी।
विमेंस प्रीमियर लीग ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इस बात की जानकारी दी है कि अभिनेत्री कृति सेनन और कियारा आडवाणी समारोह का हिस्सा होंगी। इन दोनों के अलावा ‘ब्राउन मुंडे’, ‘बहाने’, ‘पागल’, ‘तेरे ते’ और कई और प्रसिद्ध गाने गा चुके गायक मशहूर पॉप सिंगर एपी ढिल्लों भी परफॉर्म करेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में होगा। इसकी शुरुआत शाम 5:30 बजे होगी।
उम्मीद की जा रही है कि उद्घाटन समारोह और उसके बाद होने वाले मैच के दौरान डीवाई पाटिल स्टेडियम खचाखच भरा रहेगा। इसके लिए टिकट बुक माय शो पर बुक किए जा सकते हैं। महिला प्रीमियर लीग का उद्घाटन मुंबई इंडियंस और गुजरात जाइंट्स के बीच एक ब्लॉकबस्टर मैच के साथ शुरू होगा।
बता दें कि, विमेंस प्रीमियर लीग के पहले सीजन के लिए 13 फरवरी को खिलाड़ियों की नीलामी हुई थी। इस नीलामी में कुल 448 खिलाड़ी उतरे थे। लेकिन, इनमें से केवल 87 खिलाड़ियों पर बोली लगी। वहीं, इन खिलाड़ियों को खरीदने में पांच फ्रेंचाइजी, मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स, यूपी वॉरियर्स, गुजरात जाएंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने मिलकर 59.50 करोड़ रुपये खर्च किए। विमेंस प्रीमियर लीग में गुजरात, दिल्ली और बैंगलोर ने सबसे ज्यादा 18-18 खिलाड़ी खरीदे। वहीं, मुंबई ने 17 और यूपी ने 16 खिलाड़ियों को खरीदा।
Updated on:
2 Mar 2023, 1:09 PM IST
Published on:
2 Mar 2023, 1:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.