
Rape in Haryana
सोनीपत: हरियाणा में बेटियों की हिफाजत करने में सरकार और प्रशासन नाकाम हो रहा है। हैरानी वाली बात तो तब हो जाती है जब शिक्षा के मंदिर में ही बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। हरियाणा के सोनीपत से रेप का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के एक स्कूल के प्रिंसिपल पर 10वीं की छात्रा से बलात्कार का आरोप लगा है।
पास कराने का झांसा देकर किया रेप
खबरों के मुताबिक, प्रिंसिपल ने छात्रा को बोर्ड एग्जाम में पास कराने का झांसा दिया और उसके साथ रेप किया। पूरा मामला सोनीपत के गोहना इलाके का है, जहां पर एक प्राइवेट स्कूल के प्रिंसिपल ने 10वीं की छात्रा के साथ बलात्कार किया है। आरोपी स्कूल का मालिक भी बताया जा रहा है।
प्रिंसिपल ने घर बुलाकर छात्रा के साथ किया रेप
जानकारी के मुताबिक, प्रिंसिपल ने पीड़िता को ये आश्वासन दिया था कि वो उसकी जगह बोर्ड एग्जाम में किसी और लड़की को बिठा देगा और उसने ऐसा किया भी। प्रिंसिपल ने पेपर देने के लिए किसी और लड़की को बैठा दिया और छात्रा को अपने घर पर बुलाया, जहां उसने छात्रा के साथ रेप किया। पीड़िता ने अपने घर आकर परिजनों को पूरी आपबीती बताई। छात्रा के पिता ने बताया कि वह प्रिंसिपल को 10000 रुपए देने के लिए तैयार थे अगर उनकी छात्रा पास हो जाती है।
पुलिस ने प्रिंसिपल और 2 महिलाओं के खिलाफ किया केस
इस मामले में पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। प्रिंसिपल के अलावा 2 अन्य महिलाओं के खिलाफ भी पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन महिलाओं पर आरोप है कि इन्होंने इस आपराधिक षड़यंत्र में मदद की और इनके घर में ही रेप हुआ है। तीनों आरोपी मंगलवार से फरार हैं। पुलिस ने यह एफआईआर छात्रा के पिता की शिकायत के आधार पर दर्ज की है।
कुछ ऐसी है छात्रा की आपबीती
छात्रा के पिता ने पुलिस को बताया कि 8 मार्च को प्रिंसिपल ने मुझे फोन किया और मुझे और मेरी बेटी को स्कूल बुलाया था। जिसके बाद प्रिंसिपल ने कहा कि बेटी को पास में ही मेरे रिश्तेदार के घर पर छोड़ दीजिए। उन्होंने बताया कि दूसरी छात्रा मेरी बेटी की जगह परीक्षा देगी। पिता को कहा गया था कि परीक्षा के बाद वह अपनी बेटी को घर ले जा सकते हैं। लेकिन जब वह अपनी बेटी को लेने के लिए गए तो तो उसने बताया कि प्रिंसिपल ने उसके साथ रेप किया है, इसमे उसकी दो महिलाओं ने मदद की है।
पिता ने बताया कि जब वह अपनी बेटी से बात कर रहे थे तो दोनों महिलाएं वहां से फरार हो गईं। घटना के बाद छात्रा का बयान दर्ज किया गया है और दो काउंसलर को भी नियुक्त किया गया है जोकि छात्रा को अवसाद में जाने या किसी भी तरह की मानसिक दिक्कत से निकलने में मदद करेंगी।
Published on:
15 Mar 2018 03:11 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
