10 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सिग्नेचर ब्रिज पर जमकर उड़ाई गईं ट्रैफिक नियमों की धज्जियां, 15 दिन में हुए 1700 से ज्यादा चालान

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सिग्नेचर ब्रिज का उद्घाटन किया था। शुक्रवार को इस पर एक भयानक एक्सिडेंट भी हुआ था।

2 min read
Google source verification

image

Kapil Tiwari

Nov 24, 2018

Signature Bridge

Signature Bridge

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जब से सिग्नेचर ब्रिज का उद्घाटन किया है, तभी से वो विवादों में बना हुआ है। उद्घाटन के बाद से ही सिग्नेचर ब्रिज दिल्लीवासियों के लिए पिकनिक स्पॉट बन गया था तो ऐसे में इस पर ट्रैफिल रूल्स की तो जमकर धज्जियां उड़ाई गई हैं। सेल्फी का अड्डा बन चुका सिग्नेचर ब्रिज अब ट्रैफिक नियमों को तोड़ने का भी अड्डा बन गया है। दरअसल, सिग्नेचर ब्रिज पर सिर्फ 15 दिनों के अंदर 1703 गाड़ियों के चालान काटे गए हैं। इसके अलावा भी दिल्ली के लोग कई तरह के ट्रैफिक नियम इस ब्रिज पर तोड़ते नजर आए हैं।

15 दिन में हो गए 1700 से ज्यादा चालान

दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, 6 से 20 नवंबर के बीच में 1703 गाड़ियों के चालान काटे गए हैं। इसके अलावा 453 लोगों को बिना हेलमेट के पकड़ा है। 359 लोगों को गलत पार्किंग की वजह से पकड़ा गया है। वहीं वनवे के तहत नहीं चलने वाले 263 केस दिल्ली पुलिस ने दर्ज किए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, 85 मामले ट्रिपलिंग के भी दर्ज किए गए हैं। वहीं 123 गाड़ियों को क्रेन से उठा लिया गया है। शनिवार को ये आंकड़े दिल्ली पुलिस ने जारी किए हैं।

हाल ही में एक एक्सीडेंट में दो युवकों की हुई थी मौत

दिल्ली पुलिस ने बताया कि जब से सिगनेचर ब्रिज का उद्घाटन हुआ है, तब से सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक 12 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को इस पर तैनात किया गया है। उद्घाटन के बाद ब्रिज में विभिन्न यातायात अपराधों के लिए 2000 से अधिक अभियोजन किया है। आपको बता दें कि इसके अलावा सिग्नेचर ब्रिज हाल ही एक एक्सीडेंट की वजह से भी चर्चाओं में आया था। बीते शुक्रवार की सुबह दो लड़के ब्रिज पर बाइक स्टंट कर रहे थे और सेल्फी ले रहे थे, तभी वो हादसे का शिकार हो गए, जिसमें दोनों की मौत हो गई।

अश्लील वीडियो की वजह से भी ब्रिज रहा सुर्खियों में

इसके अलावा कुछ दिन पहले सिग्नेचर ब्रिज का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें ब्रिज पर देर रात को कुछ किन्नर अश्लील हरकतें करते हुए नजर आए थे। इन लोगों ने रात में ब्रिज जमकर हुड़दंग मचाया था। इनके साथ कुछ और लोग भी थे।