नई दिल्ली : देश की राजधानी में धोखाधड़ी का अजीबो गरीब मामला सामने आया है। पश्चिमी निजामुद्दीन स्थित एक पेट्रोल पंप पर जितनी गाड़ियों में पेट्रोल भरवाया गया, उसने पेट्रोल की जगह पानी भर दिया गया। इस पम्प से पेट्रोल भरवा कर जैसे ही बाहर निकले लोग सारी गाड़ियां कुछ दूर जाने के बाद खुद ब खुद बंद हो गई। काफी कोशिशों के बावजूद उन्हें दोबारा स्टार्ट नहीं किया जा सका। हताश-परेशान लोग जब अपनी गाड़ियों को किसी तरह घसीट कर पास के मैकेनिक के पास ले गए तो पता चला कि गाड़ी में तो पेट्रोल ही नहीं है, बल्कि टंकी में पानी भरा है। इसके बाद लोग पेट्रोल पंप पर पहुंच गए और जमकर बवाल काटा। देखते ही देखते पंप पर भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दी। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। लोगों ने जम अपनी गाड़ियों से पेट्रोल का नमूना दिया तो पता चला कि इसमें तो मात्र 250 एमएल पेट्रोल है। इसके बाद पुलिस ने दो घंटे के लिए पेट्रोल पंप को बंद करा दिया। बता दें कि बहुत सारे गाड़ी मालिकों ने बताया कि इस वजह से उनकी गाड़ी का इंजन सीज हो गया और हजारों का उनका खर्चा बैठ गया।